पुलिस की छापेमारी से पहले रजत दलाल घर से फरार : वायरल वीडियो में बाइक को मारी थी टक्कर, फिर कहा- ये तो मेरा रोज का काम है

Tricity Today | रजत दलाल



Faridabad News : सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और जिम ट्रेनर रजत दलाल का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह काफी तेज गति से कार चला रहा है. उसकी कार से एक बाइक सवार को टक्कर मार दी थी जिसके बाद फरीदाबाद पुलिस ने उसके घर छापेमारी की और पता चला कि वह फरार हो गया है। आरोपी के खिलाफ सराय ख्वाजा थाने में मामला दर्ज किया गया है।

वीडियो हुआ था वायरल
रजत पर तेज रफ्तार कार से बाइक सवार को टक्कर मारने का आरोप है। कार में बैठी लड़की ने जब उसे इसके लिए डांटा तो उसने उससे कहा कि यह तो मेरी रोज का काम है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि रजत दलाल का ड्राइविंग लाइसेंस (डीएल) निरस्त किया जाएगा। इस संबंध में शनिवार को एसडीएम को पत्र लिखकर जल्द लाइसेंस निरस्त करने की मांग की गई है। अधिकारियों का दावा है कि लाइसेंस निरस्त होने के बाद आरोपी देश के किसी भी कोने से दोबारा लाइसेंस नहीं बनवा सकेगा। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी रजत दलाल ने 25 फरवरी को दिल्ली-आगरा हाईवे पर कार चलाई थी। उसकी कार की स्पीड करीब 140 किलोमीटर प्रति घंटा थी, जो हाईवे की निर्धारित गति सीमा से दोगुनी थी। ऐसे में हाईवे पर सफर कर रहे अन्य वाहन चालकों के लिए यह खतरा बन रही थी। तेज गति से कार चलाते हुए रजत दलाल ने एक बाइक सवार को टक्कर मार दी।

कार टेस्ट ड्राइव के लिए ले गया था
पुलिस के मुताबिक, रजत दलाल आगरा हाईवे पर मेवला महाराजपुर स्थित एक शोरूम से कार टेस्ट ड्राइव के लिए ले गया था। उस कार में उसका एक दोस्त कार्तिक छाबड़ा भी बैठा था। साथ ही शोरूम का एक कर्मचारी भी बैठा था। इस दौरान उसने हाईवे पर कार की स्पीड बढ़ा दी और एक बाइक सवार को टक्कर मार दी।

विवादों से है पुराना नाता
रजत अपने परिवार के साथ बल्लभगढ़ में रहता है। वह पावरलिफ्टर और फिटनेस इन्फ्लुएंसर है। बताया जाता है कि सोशल मीडिया पर उसके पांच लाख फॉलोअर्स हैं। रजत का विवादों से पुराना नाता है। उसने जून में एक युवक के साथ बदसलूकी की थी। उसने युवक को बंधक बनाकर उसकी पिटाई की और इसका वीडियो भी बनाया था।

अन्य खबरें