गाजियाबाद बार एसोसिएशन चुनाव : दीपक शर्मा अध्यक्ष बने, लेकिन सचिव पद हंगामा, धरने पर बैठे प्रत्याशी

गाजियाबाद | 2 महीना पहले | Dhiraj Dhillon

Tricity Today | बार एसोसिएशन सभागार के सामने सचिव पद प्रत्याशी हरेंद्र गौतम और उनके समर्थक अधिवक्ता



Ghaziabad News : गाजियाबाद बार एसोसिएशन चुनाव का परिणाम शनिवार को घोषित हुआ। बार अध्यक्ष के पद पर एडवोकेट दीपक शर्मा को निर्वाचित घोषित कर दिया गया है। सचिव पद को लेकर कोई घोषणा अभी भी नहीं की गई है। सचिव पद पर चुनाव में गड़बड़ी के आरोपों के चलते परिणाम की घोषणा होने में देरी हुई, सचिव पद प्रत्याशी एडवोकेट हरेंद्र गौतम धरने पर बैठ गए हैं। उन्होंने वीडियो जारी कर गंभीर आरोप लगाए हैं। कचहरी में आज भी सरगर्मियां तेज रहेंगी।   

कल दिनभर चला मतदान, देर रात तक मतगणना
शुक्रवार को दिन भर चले मतदान के बाद शाम पांच बजे मतगणना शुरू हुई थी, जो देर रात तक चलती रही। रात भर कचहरी परिसर में ऊहपोह की स्थिति रही। पुलिस के कड़े पहले में हुई मतगणना के परिणाम घोषित होने में शनिवार की सुबह हो गई। हालांकि हर वर्ष देर रात ही चुनाव परिणाम घोषित कर दिए जाते हैं। बार एसोसिएशन कार्यकारिणी चुनाव के लिए कुल 2,778 एडवोकेट मतदाता हैं। इनमें से 2,553 ने अपने अधिकार का प्रयोग किया। 

नौ पदों के लिए चुनाव हुआ
चुनाव संयोजक स्नेह त्यागी ने बताया कि बार एसोसिएशन कार्यकारिणी में कुल नौ पदों के लिए चुनाव हुआ है। कुल 10 सदस्यों को निर्विरोध चुन लिया गया था। अध्यक्ष, सचिव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, कनिष्ठ उपाध्यक्ष, सह सचिव पुस्तकालय, सहसचिव प्रशासन और कोषाध्यक्ष पद के लिए मतदान हुआ है। शुक्रवार शाम पांच बजे के बाद शुरू हुई मतगणना देर रात तक चली। मतगणना के दौरान वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर शबनम खान, कोषाध्यक्ष पद पर सचिन गुप्ता, कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर कपिल त्यागी, सह सचिव (प्रशासन) के पद पर एडवोकेट सोनिका सिंह और सह सचिव (पुस्तकालय) पद पर कमल किशोर निर्वाचित घोषित किए गए हैं। 

सचिव पद पर हरेंद्र गौतम को मिले 892 वोट : एडवोकेट नाहर सिंह यादव
एडवोकेट नाहर सिंह यादवचुनाव समिति के सदस्य कई बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रह चुके सीनियर एडवोकेट नाहर सिंह यादव ने बताया कि सचिव पद पर एडवोकेट हरेंद्र गौतम को कुल 892 वोट मिले हैं। एडवोकेट अमित नेहरा को 891 और एडवोकेट वरुण त्यागी को 754 वोट मिले, जबकि 18 वोट निरस्त कर दिए गए। उन्होंने कहा सचिव पद को लेकर अभी घोषणा नहीं हुई।

हरेंद्र गौतम अपने समर्थकों के साथ धरने पर
हरेंद्र गौतम अपने समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गए हैं। गड़बड़ी और मारपीट के आरोप लगाते हुए हरेंद्र गौतम ने एक वीडियो भी जारी किया है। उनका आरोप है कि छह बार मतगणना कराई गई और उनके वोट सबसे अधिक निकले, लेकिन फिर भी उनके‌ विजयी होने की घोषणा नहीं की गई, उनके एक समर्थक को अस्पताल में भी भर्ती कराया गया है।

अन्य खबरें