गाजियाबाद विधानसभा उप-चुनाव : सपा ने कांग्रेस के लिए छोड़ी सीट, आज से 25 तक होंगे नामांकन

Tricity Today | Symbolic image



Ghaziabad News : जैसा कि माना जा रहा था समाजवादी पार्टी ने गाजियाबाद सदर सीट कांग्रेस के लिए छोड़ दी है। यूपी विधानसभा उप- चुनाव में नौ विधानसभा सीटों पर चुनाव हैं। सपा ने कांग्रेस के ल‌िए गाजियाबाद सदर और अलीगढ़ की खैर विधानसभा सीट कांग्रेस को दी है। दोनों सीटें भाजपा के कब्जे वाली है। गाजियाबाद सदर सीट पर 2017 और 2022 विधानसभा चुनाव में भाजपा के अतुल गर्ग विधायक चुने गए थे। 2024 में अतुल गर्ग के सांसद चुने जाने से यह सीट खाली हुई थी। कांग्रेस की ओर से पांच सीटें मांगी जा रही थी।

भाजपा और कांग्रेस से प्रत्याशी की घोषणा का इंतजार
गाजियाबाद सदर सीट के लिए बहुजन समाज पार्टी की ओर से पीएन गर्ग को और आजाद समाज पार्टी की ओर से सत्यपाल चौधरी को अपना प्रत्याशी घोषित किया गया है, बाकी किसी पार्टी ने अभी अपना प्रत्याशी घोषित नहीं किया है। भाजपा की ओर से महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, अजय शर्मा, मयंक गोयल, क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र शिशौदिया और अशोक मोंगा के नाम चर्चा में हैं।

भाजपा में टिकट के दावेदारों की सबसे लंबी लाइन
भाजपा में टिकट के दावेदारों की सबसे लंबी लाइन है। भाजपा उप- चुनाव राजपूत समाज से प्रत्याशी उतारकर जनरल वीके सिंह का टिकट काटे जाने की भरपाई कर सकती है। जिले में भाजपा के मेयर और सांसद वैश्य समाज से हैं। चार अन्य विधायक ब्राहमण, गुर्जर, त्यागी और जाट समाज का प्रतिनिधित्व करते हैं। दूसरी ओर कांग्रेस से टिकट की टक्कर सुशांत गोयल और जेके गौड़ के बीच बताई जा रही है। हालांकि सुशांत गोयल 2022 के चुनाव में चौथे नंबर पर रहे थे।

नामांकन प्रक्रिया आज से
यूपी में 13 नवंबर को होने वाले उप- चुनाव के लिए आज से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी, जो 25 तक चलेगी। नामांकन के ल‌िए कलेक्ट्रेट स्थित सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय (कक्ष संख्या 131) में सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक नामांकन पत्र प्राप्त और दाखिल किए जा सकेंगे। नामांकन के लिए बेरिकेडिंग हो चुकी है, नामांकन के दौरान कलेक्ट्रेट में कड़ी सुरक्षा व्यवस्थ रहेगी। सिटी मजिस्ट्रेट डा. संतोष उपाध्याय को नामांकन के लिए रिटर्निंग आफिसर नियुक्त किया गया है। 28 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच और 30 अक्टूबर को नाम वापसी होगी। नामांकन दाखिल करने के ल‌िए एक उम्मीदवार के साथ पांच लोगों को ही नामांकन कक्ष में प्रवेश के अनुमति होगी।

अन्य खबरें