गाजियाबाद से शर्मसार करने वाली खबर : सौतेला पिता बना हैवान, दो बेटियों को बनाया हवस का शिकार, आरोपी की मां पर भी साथ देने का आरोप

Tricity Today | Symbolic image



Ghaziabad News : गाजियाबाद में बड़ा ही शर्मनाक मामला सामने आया है। सौतेले पिता को मां ने 14 साल की बेटी के साथ आपत्तिजनक हालत में देखा तो उसका कलेजा फट गया। मां को ऐसा सदमा लगा कि जहां थी वहीं रह गई, कोशिश करने के बाद भी पैर उठाए नहीं उठ रहे थे। शराफत नाम का शैतान मासूम पर ज्यादती कर रहा था। थोड़ा संभल कर महिला ने उसे ललकारा, तब जाकर उसने मासूम को अपने चंगुल से छोड़ा। मासूम सिसकती हुई मां की गोद में आ गई। पूछने पर बताया छह माह से इसने मेरा यही हाल किया हुआ है और मुंह खोलने पर जान से मारने की धमकी देता है।

बड़ी बेटी के साथ भी करता था दुष्कर्म
बड़ी बहन के साथ भी यह ऐसा ही करता था। महिला ने बड़ी बेटी से पूछा तो उसने भी सौतेले पिता रूपी शैतान की असलियत उजागर करने में देर नहीं की। इतना सुनना था कि महिला दोनों बेटियों को लेकर एसीपी कविनगर के कार्यालय पर पहुंच गई और पूरी कहानी बयां करते हुए न्याय की गुहार लगाई। एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने तुरंत मधुबन- बापूधाम थानाप्रभारी को फोन लगाया और मामले में सख्त कार्रवाई के ‌निर्देश दिए।

उसकी मां पर भी साथ देने का आरोप
महिला से तहरीर प्राप्त कर मधुबन- बापूधाम थाना पुलिस ने न केवल पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया बल्कि शराफत को गिरफ्तार भी कर लिया। महिला ने तहरीर में आरोप लगाया है कि शराफत ने उसकी बड़ी बेटी का बालिग होने से पहले ही निकाह कर दिया। महिला का यह भी आरोप है कि शराफत की मां उसके हर गुनाह में साथ देती है। एसीपी ने बताया कि शराफत की मां की भूमिका की पुलिस जांच कर रही है।

तलाक के बाद की थी दूसरी शादी
मधुबन बापूधाम थानाक्षेत्र में रहने वाली महिला ने बताया कि उसकी पहली शादी बिजनौर में हुई थी, जो पति की खराब आदतों के कारण ज्यादा दिन नहीं चल पाई। महिला ने उससे तलाक ले लिया और अपने दो बेटियों के साथ गाजियाबाद आ गई। कुछ दिनों बाद विवेकानंद नगर निवासी शराफत ने उसके साथ शादी कर ली और दोनों बेटियों को भी अपना लिया। महिला अपनी बेटियों को लेकर मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र में रहने लगी। कुछ दिन पहले बड़ी बेटी का निकाह हो गया है। महिला का आरोप है कि बालिग होने से पहले शराफत ने जबरन उसका निकाह कराया।

बेटी के साथ जबरदस्ती करते पकड़ा
14 अक्टूबर को महिला किसी काम से घर से बाहर गई हुई थी, लौटी तो पति को 14 साल की बेटी के साथ जबरदस्ती करते हुए रंगे हाथों पकड़ा। महिला का कहना है कि अपनी बेटियों को न्याय दिलाने के लिए वह लड़ती रहेगी और शराफत को उसके किए की सजा दिलाकर रहेगी। एसीपी कविनगर अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर दुष्कर्म का केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की मां की भूमिका की जांच हो रही है।

अन्य खबरें