कांस्टेबल की गोली लगने से मौत : ग्रेटर नोएडा वेस्ट में गर्लफ्रेंड के फ्लैट में मिली लाश, पुलिस के उड़े होश

Google Image | symbolic image



Greater Noida West : ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र में यूपी पुलिस के एक कांस्टेबल की गर्लफ्रेंड के फ्लैट में संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस जांच में पता चला है कि वह ललितपुर जिले में किसी अधिकारी के अंगरक्षक के तौर पर तैनात था। वह गैर हाजिर होकर नोएडा आया था। फिलहाल पुलिस घटना की जांच कर रही है।

बुधवार को मिली लाश 
पुलिस के मुताबिक 26 वर्षीय कुलदीप सिंह मूल रूप से जालौन जिले का निवासी था। वह ललितपुर जिले में तैनात था। कुलदीप मंगलवार शाम को बिसरख क्षेत्र में स्थित एक सोसाइटी में रहने वाली अपनी महिला मित्र से मिलने आया था। उसकी लाश महिला मित्र के फ्लैट से बुधवार को बरामद हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस की शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का बताया जा रहा है। कांस्टेबल ने अपनी सरकारी पिस्तौल से कनपटी में गोली मारकर आत्महत्या की है। लेकिन परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। 

दूसरी जगह शादी तय होने से था परेशान
परिजनों से पूछताछ करने पर पता चला है कि मृतक कांस्टेबल की शादी उसके घर वालों ने कहीं और तय कर दी थी। वह अपनी महिला मित्र से शादी करना चाहता था एवं इसी बात से परेशान था। पुलिस ने इसी से परेशान होकर आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई है। 

गर्लफ्रेंड बोली - गोली मारकर की आत्महत्या
पुलिस पूछताछ में मृतक कांस्टेबल की गर्लफ्रेंड ने बताया है कि कांस्टेबल ने अपनी सरकारी पिस्तौल से गोली मार कर आत्महत्या की है। बातचीत के दौरान उसने एकाएक पिस्तौल निकालकर खुद को गोली मार ली।

अन्य खबरें