खास खबर : देश में बसेंगे ग्रेटर नोएडा जैसे 12 शहर, जानिए गजब की प्लानिंग

Google Images | Symbolic Image



Greater Noida News : नोएडा और ग्रेटर नोएडा की सफलता के बाद सरकार अब देशभर में 12 नए स्मार्ट औद्योगिक शहर स्थापित करने की योजना बना रही है। यह पहल घरेलू विनिर्माण को बढ़ावा देने के लिए की जा रही है। इसके तहत उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा और गुजरात के धोलेरा जैसे मॉडल पर कई राज्यों में नए औद्योगिक शहर बनाए जाएंगे।

क्या है प्लानिंग 
उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (DPIIT) के सचिव राजेश कुमार सिंह ने शुक्रवार को इस योजना की जानकारी देते हुए कहा कि इस योजना के तहत आंध्र प्रदेश में दो और बिहार में एक औद्योगिक शहर विकसित किया जा रहा है। इसके अलावा आठ शहर पहले से ही कई विकासात्मक चरणों में हैं। इनमें गुजरात का धोलेरा, महाराष्ट्र का औरंगाबाद (ऑरिक), मध्य प्रदेश का विक्रम उद्योगपुरी और आंध्र प्रदेश का कृष्णापत्तनम शामिल हैं। इन शहरों में बुनियादी ढांचा विकसित किया जा चुका है और अब उद्योगों के लिए भूखंडों के आवंटन की प्रक्रिया चल रही है।

ऐसे शहर देश में हो जाएंगे 20
उन्होंने आगे बताया कि चार अन्य औद्योगिक शहरों में भी सरकार विशेष इकाइयों के माध्यम से सड़क संपर्क, पानी और बिजली आपूर्ति जैसे बुनियादी ढांचे का निर्माण कर रही है। उन्होंने कहा, "ये आठ शहर पहले से ही विकास के विभिन्न चरणों में हैं और 12 नए औद्योगिक शहरों की योजना के बाद, देश में ऐसे शहरों की कुल संख्या 20 हो जाएगी।"

केंद्रीय मंत्रिमंडल से मंजूरी का इंतजार
इन स्मार्ट औद्योगिक शहरों की विशेषता बताते हुए सिंह ने कहा कि इन शहरों के विकास के बाद बुनियादी ढांचा पहले से तैयार होगा, जिससे कंपनियों को केवल अपने काम की शुरुआत करनी होगी। उन्होंने यह भी कहा कि डीपीआईआईटी केंद्रीय मंत्रिमंडल से संपर्क करेगा और विशेष उद्देश्य वाली इकाइयों (एसपीवी) को इक्विटी मंजूरी प्रदान करेगा।

जल्द होगी बड़ी घोषणा
आशु गुप्ता ने इस परियोजना के बारे में कहा कि ये औद्योगिक शहर गतिशील आर्थिक केंद्र बनेंगे, जो विकास और नवाचार को बढ़ावा देंगे और स्थायी प्रभाव पैदा करेंगे। 2024-25 के बजट में विनिर्माण और निर्यात को बढ़ावा देने के लिए सीमा शुल्क में सुधार जैसे उपायों की भी घोषणा की गई है, जो इन शहरों के विकास को और अधिक सुसज्जित और प्रभावी बनाएंगे।

अन्य खबरें