बड़ी कार्रवाई : गौतमबुद्ध नगर के 3 कुख्यात खनन माफिया गिरफ्तार, दो सगे भाई हैं, अवैध हथियार भी पकड़े गए

Google Image | प्रतीकात्मक फोटो



ग्रेटर नोएडा पुलिस ने रविवार को बड़ी कामयाबी हासिल की है। जिले के तीन कुख्यात खनन माफिया को गिरफ्तार किया गया है। इनके कब्जे से अवैध हथियार भी बरामद हुए हैं। थाना नालेज पार्क पुलिस ने इनके कब्जे से एक पिस्टल, बड़ी संख्या में कारतूस, बालू रेत से भरा ट्रैक्टर और स्विफ्ट कार जब्त की है। पुलिस तीनों को आज जिला न्यायालय में पेश करेगी। इससे पहले भी इस इलाके से दो ख्यात खनन माफियाओं को गिरफ्तार करके पुलिस जेल भेज चुकी है।

ग्रेटर नोएडा के पुलिस उपायुक्त राजेश कुमार सिंह ने बताया कि नॉलेज पार्क पुलिस ने अवैध खनन में संलिप्त तीन माफिया को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान अन्नू पुत्र बलेश्वर, अजय और मनीष पुत्र महेंद्र के रूप में हुई है। अन्नू मोमनाथल गांव का रहने वाला है। दोनों सगे भाई अजय में मनीष सफीपुर गांव के रहने वाले हैं। डीसीपी ने बताया कि यह लोग लगातार यमुना और हिंडन नदी के खादर क्षेत्रों में खनन कर रहे थे। तमाम बार इनके खिलाफ शिकायतें मिल रही थीं। पुलिस इन्हें रंगे हाथ पकड़ने की तैयारी में थी। इन्हें मोमनाथल गांव के पास कंकरीट प्लांट के पीछे हिंडन नदी के पास से गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों का सरगना अन्नू है। वह रंगदारी के एक मुकदमे में जेल जा चुका है। अन्नू के खिलाफ खनन अधिनियम, आर्म्स एक्ट और आईपीसी की धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। 

डीसीपी ने बताया कि अजय और मनीष सगे भाई हैं। इन दोनों के खिलाफ भी नॉलेज पार्क थाने में दो-दो मुकदमे दर्ज किए गए हैं। इनके पास से अवैध पिस्टल कारतूस और खनन में उपयोग होने वाली मशीनरी बरामद की गई है। तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आज अदालत में पेश किया जाएगा।

अन्य खबरें