भारतीय किसान यूनियन के हंगामे के बाद धान के रेट बढ़े : नोएडा के अतुल यादव ने कहा- धांधली बर्दाश्त नहीं की जाएगी

Tricity Today | भारतीय किसान यूनियन का हंगामा



Sikandrabad News/Greater Noida Desk : सिकंदराबाद मंडी में किसानों के साथ हो रहे अन्याय और कम कीमत पर धान की बिक्री के खिलाफ मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन (अजगर) ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। नोएडा निवासी अतुल यादव के नेतृत्व में इस विरोध के दौरान किसानों ने अपनी आवाज़ बुलंद की और उचित मूल्य की मांग की, जिसका सकारात्मक असर देखने को मिला। धान का दाम पहले 1600 रुपये प्रति कुंटल था। विरोध के बाद बढ़कर 2700 रुपये प्रति कुंटल हो गया। 
किसानों में खुशी की लहर
धान के इस नए रेट से किसान काफी खुश हैं। किसान अंकित ने बताया, "मैं अपनी धान के इस नए रेट से बेहद खुश हूं।" अन्य किसानों ने भी अपनी संतुष्टि व्यक्त की और भारतीय किसान यूनियन का आभार जताया। 

मंडी पर ताला लगाने की चेतावनी
युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बिन्नू अधाना ने मंडी के आढ़तियों को कड़ी चेतावनी दी और कहा, "अगर किसानों के साथ धोखाधड़ी जारी रही तो हम मंडी पर ताला लगाने से पीछे नहीं हटेंगे।" उन्होंने स्पष्ट रूप से किसानों की मांगों को पूरा करने की बात कही और किसानों के हक के लिए लड़ाई जारी रखने का संकल्प लिया।

आगे भी बड़ा विरोध करने की चेतावनी
अतुल यादव ने चेतावनी दी कि अगर मंडी में फिर से किसी प्रकार की धांधली की गई, तो आने वाले समय में इससे भी बड़ा आंदोलन होगा। उन्होंने कहा, "हम किसानों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय नहीं सहन करेंगे और उनके हक के लिए हमेशा खड़े रहेंगे।"

भारतीय किसान परिषद का समर्थन
इस विरोध प्रदर्शन में भारतीय किसान परिषद के प्रदेश अध्यक्ष रोहित हिंदुस्तानी ने भी हिस्सा लिया। उन्होंने कहा, "किसानों के साथ हो रही लूट बंद होनी चाहिए।" साथ ही किसान यूनियन इंडिया के ऋषि चौधरी, किसान यूनियन क्रांति के परविंदर यादव, केपी यादव और अन्य प्रमुख किसान नेता भी विरोध में शामिल हुए।

अन्य खबरें