समान शिक्षा-चिकित्सा कानून के लिए अन्ना हजारे से समर्थन मांगा : करप्शन फ्री इंडिया संगठन ने आंदोलन किया तेज

Tricity Today | अन्ना हजारे से मुलाकात करते हुए



Greater Noida News : उत्तर प्रदेश में समान शिक्षा और चिकित्सा कानून की मांग को लेकर करप्शन फ्री इंडिया संगठन के नेतृत्व में प्रदेश भर में धरना प्रदर्शन जारी है। संगठन ने राज्य सरकार से अपील की है कि प्रदेश में शिक्षा और चिकित्सा की गुणवत्ता को सुधारने के लिए सख्त कानून बनाए जाएं। इसी मांग के समर्थन में संगठन के संस्थापक चौधरी प्रवीण भारतीय ने महाराष्ट्र जाकर समाजसेवी अन्ना हजारे से समर्थन की मांग की है।

सरकारी स्कूलों और अस्पतालों की स्थिति में सुधार लाना आवश्यक 
चौधरी प्रवीण भारतीय का कहना है कि उत्तर प्रदेश में गरीब किसानों और मजदूर वर्ग के बच्चों को अच्छी शिक्षा और उनके परिवारों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। उन्होंने राज्य सरकार से आग्रह किया है कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों और अस्पतालों की स्थिति में सुधार लाने के लिए यह आवश्यक है कि सभी सरकारी अधिकारी, मंत्री, और विधायक अपने बच्चों को सरकारी स्कूलों में पढ़ाएं और उनका इलाज सरकारी अस्पतालों में हो। इससे सरकारी सुविधाओं की स्थिति में सुधार आएगा और आम जनता को भी बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी।

अन्ना हजारे से मांगा समर्थन 
चौधरी प्रवीण भारतीय ने बताया कि इस अभियान को और भी प्रभावी बनाने के लिए महाराष्ट्र में अन्ना हजारे से समर्थन मांगा गया है। हजारे को लिखित पत्र देकर इस आंदोलन में उनका समर्थन प्राप्त करने की कोशिश की गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस आंदोलन को पूरे उत्तर प्रदेश में फैलाया जाएगा ताकि समान शिक्षा और चिकित्सा के मुद्दे पर सरकार को उचित कदम उठाने के लिए मजबूर किया जा सके।

यह लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर चौधरी प्रवीण भारतीय के साथ संगठन के अन्य प्रमुख सदस्य कृष्ण पाल यादव, आकाश नागर, गौरव शर्मा, भोपाल चौधरी, संदीप पठारे, कल्पना इनामदार, सरदार सुखदेव सिंह और सरदार सुखजीत सिंह भी उपस्थित थे। सभी ने आंदोलन को सफल बनाने और इसे व्यापक स्तर पर ले जाने का संकल्प लिया।

अन्य खबरें