BIG BREAKING : गौतमबुद्ध नगर जिला पंचायत के लिए पांचों परिणाम आए !, जानिए कौन-कौन जीता

Tricity Today | गौतमबुद्ध नगर जिला पंचायत के लिए पांचों परिणाम आए



गौतमबुद्ध नगर जिला पंचायत चुनाव में पांचों वार्डों के लिए परिणाम आ गए हैं। हालांकि, अभी गौतमबुद्ध नगर जिला प्रशासन की ओर से आधिकारिक घोषणा होना बाकी है। बहुजन समाज पार्टी के खाते में एक सीट गई है। तीन सीटों पर भारतीय जनता पार्टी ने जीत हासिल की है। एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार विजयी रहा है। अगले करीब एक घंटे में गौतमबुद्ध नगर जिला प्रशासन आधिकारिक रूप से घोषणा कर देगा। जीतने वाले प्रत्याशियों को उनके प्रमाण पत्र सौंपे जाएंगे।

मिली जानकारी के मुताबिक जिला पंचायत के वार्ड नंबर-1 से भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार मोहिनी जाटव चुनाव जीत गई हैं। मोहिनी जाटव ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंदी को बड़े अंतर से पराजित किया है। वार्ड नंबर-1 अनुसूचित जाति की महिलाओं के लिए आरक्षित रखा गया था। वार्ड नंबर-2 से पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष और बहुजन समाज पार्टी के दिग्गज नेता गजराज सिंह नागर की पत्नी जयवती नागर चुनाव जीत गई हैं। जयवती नागर ने भी बड़े अंतर से जीत हासिल की है। वार्ड नंबर-3 से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार देवा भाटी चुनाव जीत गए हैं। 

जिला पंचायत के वार्ड नंबर-4 से निर्दलीय उम्मीदवार सुनील भाटी ने जीत दर्ज की है। जिले में इस निर्वाचन क्षेत्र पर लोगों की निगाहें टिकी हुई थीं। दरअसल, यहां से समाजवादी पार्टी के दिग्गज नेता और एमएलसी नरेंद्र भाटी के भतीजे बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे थे। वार्ड नंबर-5 पर भी सबकी नजरें थीं। यहां से भारतीय जनता पार्टी के जिला महामंत्री अमित चौधरी चुनाव मैदान में थे। अमित चौधरी के सामने समाजवादी पार्टी-रालोद गठबंधन के उम्मीदवार और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रविंद्र भाटी लडपुरा चुनाव लड़ रहे थे। कुल मिलाकर पांच जिला पंचायत सदस्यों वाली गौतमबुद्ध नगर जिला पंचायत पर भारतीय जनता पार्टी का काबिज होना तय है। भाजपा को जरूरी 3 सदस्यों का बहुमत मिल गया है। 

आपको बता दें कि वार्ड नंबर-4 से जीत हासिल करने वाले सुनील भाटी की पृष्ठभूमि भी भारतीय जनता पार्टी से ताल्लुक रखती है। वह भाजपा से टिकट मांग रहे थे लेकिन उनकी दावेदारी को पार्टी ने कंसीडर नहीं किया था। अब वह जीतकर आ गए हैं। उनका समर्थन भी जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार को मिलना तय माना जा रहा है।


 

अन्य खबरें