ग्रेटर नोएडा में विजय पंडित हत्याकांड : गवाही में पूर्व विधायक, कई बड़े नेता और कुख्यात अपराधियों के नाम

Google Image | Symbolic Image



Greater Noida News : दादरी नगर पालिका के एक मामले में नई जानकारी सामने आई है, जो राजनीतिक गलियारों में सनसनी फैला रही है। दादरी नगर पालिका चेयरमैन के पति और भाजपा नेता विजय पंडित की हत्या के मामले में जिला न्यायालय में चल रही गवाही ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। सूत्रों के अनुसार, गवाही में जिले के दो प्रमुख नेताओं के साथ-साथ कुख्यात अपराधी अनिल दुजाना के एक करीबी सहयोगी का नाम भी सामने आया है।

क्या था पूरा मामला 
आपको बता दें कि इन नेताओं में से एक पूर्व विधायक भी हैं, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। यह घटना जून 2014 की है, जब विजय पंडित की आठ गोलियां मारकर निर्मम हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इस हत्या को 2012 में हुए रविंद्र शर्मा हत्याकांड से जोड़कर देखा और पांच से अधिक लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।

12 साल से चल रहा गवाही का खेल 
दस वर्षों के बाद शुरू हुई गवाही में, मृतक के भाई अजय शर्मा ने अपना बयान दर्ज करा दिया है। वर्तमान में, पिछले एक महीने से छोटे भाई दिनेश शर्मा की गवाही प्रक्रिया चल रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इन गवाहियों में कुछ प्रभावशाली नामों का उल्लेख होने से क्षेत्र में राजनीतिक माहौल तनावपूर्ण हो गया है।

चेयरमैन गीता पंडित की गवाही शामिल
यह ध्यान देने योग्य है कि पुलिस पहले ही दोनों नेताओं को क्लीन चिट दे चुकी है। हालांकि, अब उनके नामों का दोबारा सामने आने से नई बहस छिड़ गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि न्यायालय इस पर संज्ञान लेता है, तो मामले की दोबारा जांच की संभावना बन सकती है, जो निश्चित रूप से राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा देगी। इस बीच, मामले में अभी कई महत्वपूर्ण गवाहियां बची हैं, जिनमें दादरी की वर्तमान चेयरमैन गीता पंडित की गवाही भी शामिल है।

अन्य खबरें