ग्रेटर नोएडा: ‘देखो अपना देश’ से स्थानीय पर्यटकों को लुभाएगी सरकार, ये है पूरी योजना

Tricity Today | पर्यटन को बढ़ावा देने पर जोर



कोरोना महामारी से चौपट हुए पर्यटन उद्योग को फिर रफ्तार देने के प्रयास तेज हो रहे हैं। इस संबंध में बुधवार को इंडिया एक्सपो मार्ट में पर्यटन एक्सपो शुरू हुआ। भारत सरकार के पर्यटन सचिव अरविंद सिंह ने बताया कि सरकार इस उद्योग को बढ़ावा देने के लिए कई मोर्चों पर काम कर रही है। इसके परिणाम भी सामने आ रहे हैं। कोरोना महामारी के खात्मे के बाद देश में पर्यटन क्षेत्र में असीम संभावनाएं दिखाई देंगी। 

तीन दिन चलेगी प्रदर्शनी
इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मॉर्ट में बुधवार से साउथ एशियन ट्रैवल ट्रेड एग्जीबीशन (साटे) ने इंफॉर्मा मार्केट्स इन इंडिया के 28वें संस्करण में तीन दिवसीय प्रदर्शनी की शुरुआत की। इसका उद्घाटन भारत सरकार में पर्यटन सचिव अरविंद सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि यात्रा और पर्यटन उद्योग की नींव को मजबूत करने के लिए मंत्रालय ने ‘देखो अपना देश’ अभियान शुरू किया है। अतुल्य भारत की वेबसाइट में कई अहम बदलाव किए गए हैं।

स्थानीय पर्यटन पर है जोर
इनक्रेडिबल इंडिया की वेबसाइट को कई देशों और चीनी-अरबी जैसी कई भाषाओं में रूपांतरित किया गया है। इंफार्मा मार्केट्स के योगेश मुद्रास ने बताया कि इस समय देश में स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख पर विशेष जोर दिया जा रहा है। प्रदर्शनी में मालदीव के पर्यटन मंत्री डॉ अब्दुल्ला मौसूम, पूर्व सचिव पर्यटन एमपी बेजबरुआ, सेवा निर्यात संवर्धन परिषद के अध्यक्ष मानेक ई डावर, ज्योति मयाल, प्रबंध निदेशक इंफॉर्मा मार्केट्स भारत योगेश मुद्रास और समूह निदेशक इंफॉर्मा मार्केट्स पल्लवी मेहरा मौजूद रहीं।

चार देश ले रहे हैं हिस्सा
यह प्रदर्शनी भी कोरोना महामारी से अछूती नहीं रही। इस पर कोरोना का असर दिखाई दिया। पर्यटन एक्सपो में दुनिया के चार देशों ने हिस्सा लिया है। जबकि पिछले वर्ष 50 से ज्यादा देशों ने इस प्रदर्शनी में हिस्सा लिया था। गुजरात, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, उत्तराखंड, केरल, कर्नाटक, लक्षद्वीप जैसे सेवा निर्यात संवर्धन परिषद, ओडिशा, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, बिहार, छत्तीसगढ़ जैसे सभी राज्यों ने पवेलियन बनाकर पर्यटकों को लुभाने की कोशिश की। प्रदर्शनी में नेपाल, मालदीव, मलेशिया, यूटा और दुबई जैसे देशों के पर्यटन विभाग भारतीय यात्रियों को लुभाने के लिए अपने पर्यटन क्षेत्रों का प्रदर्शन कर रहे हैं। कोरोना महामारी की समाप्ति के बाद बेशक पर्यटन सबसे बड़ा उद्योग बन कर उभरेगा।

अन्य खबरें