ग्रेटर नोएडा पुलिस की बड़ी कामयाबी : गर्भवती विधवा महिला मौत मामले में नवजात बच्चा ढूंढ निकाला, प्रेमी ने किया था ढाई लाख रुपये में सौदा

Tricity Today | डीसीपी साद मियां खान ने किया था खुलासा (File Photo)



Greater Noida News : अवैध संबंधों के बाद 8 माह की गर्भवती हुई महिला का प्रसव के दौरान हुई मौत के मामले में उसके नवजात बच्चे को पुलिस ने ढूंढ निकाला है। बच्चे का उपचार हरियाणा में फरीदाबाद के एक अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने इस मामले में चाइल्ड वेलफेयर कमेटी को रिपोर्ट दी है। सीडब्ल्यूसी की रिपोर्ट के आदेश के अनुसार पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई करेगी।

क्या है पूरा मामला
पुलिस ने बताया कि थाना जेवर क्षेत्र में रहने वाली एक महिला के पति की कुछ वर्ष पूर्व मौत हो गई थी। इसी बीच महिला के जमशेद नामक व्यक्ति से अवैध संबंध बन गए। इस दौरान महिला गर्भवती हो गई। जब उसके पेट में 8 माह का बच्चा हो गया तो जमशेद घबरा गया और महिला से बातचीत कर लोकलज्जा से बचने के लिए उसका गर्भपात कराने के लिए 7 अगस्त को उसे बुलंदशहर ले गया। वहां पर उसने एक डॉक्टर से संपर्क कर उसका गर्भपात कराया। गर्भपात के दौरान महिला को रक्तस्राव ज्यादा हुआ और उसकी हालत बिगड़ गई। डॉक्टर ने उसे वहां से ले जाने के लिए कहा। इसी बीच महिला की मौत हो गई। आरोपी जमशेद, डॉक्टर मनोज कुमार और उसकी पत्नी मिथलेश, राजबहादुर और गुड्डी देवी आदि ने महिला के शव को बुलंदशहर के अनूप शहर के जंगल में फेंक दिया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को बरामद किया है।

इन आरोपियों को गिरफ्तार किया
उन्होंने बताया कि महिला कई बार घर से बाहर चली जाती थी। उसके परिजनों को लगा कि वह घर से बाहर गई है, लेकिन जब वह काफी दिन तक नहीं लौटी तो इस मामले में महिला के बेटे ने 15 अगस्त को थाना जेवर में उसकी गुमशुदगी दर्ज करवाई। जब पुलिस ने जांच की तो सर्विलांस विधि और अन्य माध्यम से पुलिस को यह जानकारी मिली। उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने इस घटना में शामिल जमशेद, राज बहादुर लोधी, मनोज कुमार और उसकी पत्नी मिथलेश को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना में शामिल चार लोग अभी फरार हैं, उनकी तलाश की जा रही है। 

ढाई लाख रुपये में हुआ था सौदा
जांच में पता चला कि गर्भपात के दौरान 8 माह का बच्चा पैदा हुआ जो कि अभी जिंदा है, उसे आरोपियों ने कहीं पर छुपा दिया है। पुलिस बच्चे की तलाश कर रही थी। बुधवार को पुलिस को पता चला कि बच्चे का उपचार फरीदाबाद के अस्पताल में चल रहा है। आरोपियों ने एक दंपति को बच्चों को दे दिया था। पुलिस जांच में पता चला है कि नवजात बच्चे को करीब ढाई लाख रुपये में बेचा गया है।

अन्य खबरें