दर्दनाक : ग्रेटर नोएडा के युवक ने आगरा में किया सुसाइड, मरने से पहले मनाया भांजी का बर्थडे

Tricity Today | Symbolic Image



Greater Noida/Agra News : आगरा के सदर बाजार स्थित मामा फ्रेंकी रेस्टोरेंट के पास बृहस्पतिवार शाम को एक दुखद घटना सामने आई। ग्रेटर नोएडा के कैफे संचालक निपुण कपूर ने अपनी कार में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृतक मामा फ्रेंकी रेस्टोरेंट के संचालक हिमांशु सचदेवा के बेटे राहुल के साले थे। 

खुद को गोली मारकर उठाया
घटना के वक्त निपुण कपूर की कार मामा फ्रेंकी रेस्टोरेंट के बाहर खड़ी थी। पुलिस के मुताबिक निपुण कपूर की कार के अंदर एक तमंचा, खोखा, माचिस, कपड़े और दो राखियां पाई गईं। पुलिस को अभी तक आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। परिवार से पूछताछ की जा रही है, लेकिन वे भी इस बारे में कुछ स्पष्ट जानकारी देने में असमर्थ हैं। 

सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस
एसीपी सदर डॉ.सुकन्या शर्मा ने बताया कि घटना की जानकारी शाम लगभग 4:45 बजे मिली, जब निपुण कपूर की कार से गोली चलने की आवाज सुनी गई। कार का शीशा खुला हुआ था और धुआं भी बाहर आने लगा था। कार में बैठे निपुण कपूर की कनपटी पर गोली लगी हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें एसएन मेडिकल कॉलेज इमरजेंसी भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मरने से पहले भांजी का बर्थडे मनाया
मृतक के परिवार से प्राप्त जानकारी के अनुसार निपुण कपूर ने अपने भांजी के जन्मदिन पर घर आकर केक काटा और बाद में घर से बाहर निकलकर इस आत्मघाती कदम को अंजाम दिया। निपुण कपूर ने अपने परिवार को बताया था कि वह थाईलैंड जाने वाला है, इसलिए वह भांजी के जन्मदिन पर नहीं आ सकेगा। यही कारण था कि उसने पहले ही जन्मदिन मनाया और फिर घटना को अंजाम दिया।

अन्य खबरें