ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के गेट पर प्रदर्शन : सफाई कर्मचारियों ने ओएसडी को सौंपा ज्ञापन, हड़ताल खत्म

Google Image | Symbolic Image



Noida News : ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर सोमवार को सफाई कर्मचारियों ने हल्ला बोल दिया। कर्मचारियों ने प्राधिकरण पर जमकर नारेबाजी की। इस दौरान उन्होंने प्राधिकरण ओएसडी इंदु प्रकाश सिंह को ज्ञापन भी सौंपा। बताया जा रहा है कि बोनस की मांग की लेकर सफाई कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया है। मांग पूरी न होने पर भूख हड़ताल पर जाने की धमकी दी। 

बोनस नहीं दे रहा प्राधिकरण
सफाई कर्मचारियों के नेता महेश ने बताया कि वर्ष 2016 में तय हुआ था कि 270 दिन की उपस्थिति पर एक माह का बोनस और 135 दिन की उपस्थिति पर 15 दिन का बोनस दिया जाएगा। इसके बावजूद यह लाभ नहीं दिया जा रहा है। उनका कहना है कि मांग पूरी न होने पर भूख हड़ताल की जाएगी। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण डेल्टा-1, डेल्टा-2, सेक्टर-36 समेत अन्य सेक्टरों में घरों से कूड़ा नहीं उठ रहा है। मजबूरी के चलते लोग इधर-उधर कूड़ा फेंक रहे हैं। इससे गंदगी फैल रही है। 

16 अक्तूबर से हड़ताल पर थे कर्मचारी  
प्राधिकरण ने कूड़ा उठाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की है। यह कारगर साबित नहीं हो रही है। दिवाली से ठीक पहले सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण सफाई अभियान प्रभावित हो रहा है। शहर की सफाई व्यवस्था में लगी ठेकेदार फर्म में कार्यरत सफाई कर्मचारी 16 अक्तूबर से हड़ताल पर हैं। छह दिन बाद भी जब कोई सुनवाई नहीं हुई तो सफाई कर्मचारी प्राधिकरण गेट पर पहुंच गए और प्रदर्शन करने लगे। 

दूसरा गुट अभी भी हड़ताल पर बैठा 
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ओएसडी इंदु प्रकाश सिंह ने बताया कि सफाई कर्मचारियों का एक गुट काम कर रहा है। दूसरा गुट हड़ताल पर है। ड्यूटी पर मौजूद सफाई कर्मचारियों को बोनस देना शुरू कर दिया गया है। हड़ताल पर बैठे कर्मचारी काम पर नहीं लौटे तो उनका वेतन काट लिया जाएगा।

अन्य खबरें