उत्तर प्रदेश की वन टीम अब खेल के मैदान में दिखाएगी दम : मनु भाकर और सूर्य कुमार यादव भी होंगे शामिल

लखनऊ | 3 दिन पहले | Jyoti Karki

Google Image | मनु भाकर और सूर्य कुमार यादव



Lucknow News : पौधारोपण में अग्रणी रहने वाला उत्तर प्रदेश अब खेल के क्षेत्र में भी अपनी छाप छोड़ने को तैयार है। 16 से 20 अक्टूबर तक छत्तीसगढ़ के रायपुर में आयोजित होने वाली 27वीं अखिल भारतीय वन खेलकूद प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के 112 प्रतिभाशाली खिलाड़ी अपना परचम लहराएंगे।

36.80 करोड़ पौधे लगाए गए 
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में राज्य ने हाल ही में 36.80 करोड़ पौधों का रोपण कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया था। अब वन विभाग की यह टीम खेल के मैदान में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने को तत्पर है। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों में वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा नियुक्त किए गए नए फॉरेस्ट गार्ड भी शामिल हैं। पीसीसीएफ वन्यजीव संजय श्रीवास्तव, एपीपीसीएफ एपी सिन्हा, और अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक पीपी सिंह जैसे अनुभवी खिलाड़ी टीम का नेतृत्व करेंगे।

पिछली प्रतियोगिता के स्टार खिलाड़ी 
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा हाल ही में नियुक्त किए गए फॉरेस्ट गार्ड अभिषेक सिंह और चंद्रप्रकाश मिश्र क्रमश, जेवलिन थ्रो और पावर लिफ्टिंग में अपना कौशल दिखाएंगे। पिछली प्रतियोगिता के स्टार खिलाड़ी सुधीश सिंह, इंद्रदेव सिंह और एसके नरेश भी उत्तर प्रदेश के लिए पदक जीतने की उम्मीद में हैं। प्रधान मुख्य वन संरक्षक और विभागाध्यक्ष सुधीर कुमार शर्मा ने टीम को रवाना करने से पहले उत्तर प्रदेश के राज्य ध्वज का अनावरण किया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। 

खेल जगत में एक नए युग की शुरुआत 
पिछले वर्ष पंचकूला में आयोजित प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश ने 13 स्वर्ण, 18 रजत और 13 कांस्य पदक जीतकर कुल 97 अंक हासिल किए थे। इस बार टीम इस प्रदर्शन को और बेहतर बनाने के लिए दृढ़ संकल्पित है। प्रतियोगिता के समापन समारोह में ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर और क्रिकेटर सूर्य कुमार यादव की उपस्थिति इस आयोजन की शोभा बढ़ाएगी। यह न केवल खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत होगा, बल्कि उत्तर प्रदेश के खेल जगत में एक नए युग की शुरुआत का संकेत भी है।

अन्य खबरें