Noida: कार से परिवार को यात्रा करने की इजाजत, सिटी बस सेवा बन्द रहेगी, दो पहिया वाहनों पर शर्त लागू

Tricity Today | प्रतीकात्मक फोटो



लॉकडाउन-4 के तहत लोगों को खासी राहत दे दी गई हैं। अब आप अपने परिवार के साथ कार में सफर कर सकते हैं। हालांकि, सार्वजनिक बस सेवा अभी बंद रहेगी। गौतमबुद्ध नगर में यूपी रोडवेज, एनएमआरसी और विकास प्राधिकरणों की सिटी बस सेवा को संचालित नहीं किया जा सकेगा। दूसरी ओर दो पहिया वाहन संचालकों पर भी कुछ शर्तें लागू की गई हैं।

गौतमबुद्ध नगर के जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने बुधवार की सुबह जिले के लोगों के लिए विस्तृत गाइडलाइंस जारी की हैं। जिसमें यातायात, आवागमन और सार्वजनिक परिवहन सेवाओं से जुड़ी जानकारियां भी शामिल हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि चार पहिया वाहनों का इस्तेमाल अब जिले में किया जा सकेगा। इनमें ड्राइवर के अतिरिक्त दो व्यक्तियों को ही चलने की अनुमति होगी। यदि परिवार के बच्चे हैं तो दो बच्चों को भी अनुमति दी जाएगी। मतलब, ऐसी स्थिति में 5 लोग यात्रा कर सकते हैं। 

बाइक पर महिला के साथ दो लोगों को चलने की इजाजत
दोपहिया वाहनों के लिए भी नियम बनाया गया है। बाइक पर एक व्यक्ति को चलने की अनुमति होगी। यदि पीछे महिला बैठी है तो उसको भी अनुमति दी जाएगी। लेकिन बाइक सवार दोनों लोगों को हेलमेट पहनना अनिवार्य होगा। अगर दोनों लोगों ने हेलमेट नहीं पहना तो मोटर व्हीकल एक्ट के तहत जुर्माना लगाया जाएगा। साथ ही महामारी अधिनियम के तहत लागू किया गया जुर्माना भी आरोपित किया जाएगा।

31 मई तक बस सेवाओं का संचालन पूरी तरह बन्द रहेगा
सार्वजनिक परिवहन सेवाएं अभी बंद रखी गई हैं। राज्य में एक जिले से दूसरे जिले के बीच चलने वाली बस सेवाएं संचालित नहीं की जाएंगी। इसी तरह एक राज्य से दूसरे राज्य के बीच चलने वाली बस सेवाएं भी बंद रहेंगी। मतलब गौतमबुद्ध नगर से दिल्ली और पड़ोसी जिलों के लिए चलने वाली सारी बस सेवाएं अभी 31 मई तक बंद रखी जाएंगी।

अन्य खबरें