अम्बेडकर प्रतिमा तोड़ी गई, पुलिस और प्रशासनिक अफसर पहुंचे

Tricity Today | Anti-social elements damaged Ambedkar statue



एक ओर पुलिस और प्रशासन कोरोना वायरस से फैली महामारी से निपटने में लगे हैं तो दूसरी ओर असामाजिक तत्व अब भी माहौल बिगाड़ने में जुटे हैं। बुलंदशहर में अहमदगढ़ थाना क्षेत्र के फरीदपुर गांव में शुक्रवार की देर रात कुछ असमाजिक तत्वों ने बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया है। सुबह ग्रामीणों ने टूटी हुई प्रतिमा देखी लोगों में रोष और गुस्सा व्याप्त हो गया। पुलिस को सूचना दी गई। जिसके बाद मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे हैं। लोगों को समझकर शांत किया गया है।

बहुजन समाज पार्टी के स्थानीय नेता ज्ञानेंद्र राघव ने बताया कि बीती रात किसी असामाजिक तत्व ने इस वारदात को अंजाम दिया है। अहमदगढ़ थाना क्षेत्र के फरीदपुर गांव में अम्बेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त कर दी गई है। सुबह लोगों ने देखा। जिसके बाद लोग गुस्से में आ गए। पुलिस को फोन किया गया। अनूपशहर के एसडीएम पदम् सिंह और थाना अहमदगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची।वारदात का जायजा लिया है। 

ज्ञानेंद्र राघव ने बताया कि प्रशासन से नई प्रतिमा स्थापित करवाने और दोषी लोगों के खिलाफ कार्यवाही करने की मांग की है। एसडीएम ने नई प्रतिमा जल्दी स्थापित करवाने का आश्वासन दिया है। दूसरी ओर पुलिस का कहना है असामाजिक तत्वों ने माहौल खराब करने का प्रयास किया है। गांव वालों को समझाया गया है। माहौल शांत है। वारदात को अंजाम देने वालों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

आपको बता दें कि दलित समाज के लोगों ने फरीदपुर गांव के बाहर एक अम्बेडकर प्रतिमा लगाई है। यह प्रतिमा सीमेंट से बनी है। इसी प्रतिमा की एक बाजू बीती रात किसी ने तोड़ने की कोशिश की है। देखने से लगता है कि बाजू तोड़ने के लिए किसी भारी चीज को मारा गया है। हालांकि, ऐसा करने वाला प्रतिमा को ज्यादा नुकसान पहुंचाने में सफल नहीं हुआ है। दूसरी ओर ग्रामीणों ने आशंका जाहिर की है कि यह असामाजिक तत्व दोबारा कोशिश करेगा।

अन्य खबरें