VIDEO: नोएडा भाजपा के महामंत्री का डांस हुआ सोशल मीडिया पर वायरल, आलोचना भी हो रही है

नोएडा | 4 साल पहले | Mayank Tawer

Tricity Today | नोएडा भाजपा के महामंत्री का डांस हुआ सोशल मीडिया वायरल,



नोएडा भारतीय जनता पार्टी के महामंत्री चंदगीराम यादव ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दिन एक कार्यक्रम में महिलाओं के बीच जमकर डांस किया। यह एक धार्मिक कार्यक्रम था। इसमें इस तरह का डांस भारतीय जनता पार्टी के एक वरिष्ठ नेता द्वारा किए जाने पर लोग आलोचना कर रहे हैं। दूसरी ओर यह वीडियो दो हिस्सों में सोशल मीडिया पर तेजी के साथ वायरल हो रहा है। गौतमबुद्ध नगर के लोग यह वीडियो एक-दूसरे को शेयर कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि जब श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व कोरोना संक्रमण के चलते आयोजित करने पर पाबंदियां लगाई गई थीं तो खुद सत्तारूढ़ दल के एक सीनियर लीडर ने ऐसा व्यवहार क्यों किया।

वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि भीड़ इकट्ठा है। चंदगीराम यादव कई महिलाओं के बीच ठुमके लगा रहे हैं। वे जमकर नाच रहे हैं। इस दौरान उन्होंने मास्क भी नहीं पहना है। उनके साथ नृत्य कर रही महिलाओं ने भी मास्क नहीं लगाया है। जानकारी मिली है कि इस कार्यक्रम में नोएडा महानगर भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष मनोज गुप्ता भी मौजूद थे। लोगों का कहना है कि जब भाजपा नेता इस तरह का व्यवहार करेंगे तो आम आदमी से पुलिस और प्रशासन क्या अपेक्षा रख सकते हैं।

इस वीडियो को शेयर करने के साथ ही लोग नोएडा भारतीय जनता पार्टी की ओर से थाना सेक्टर-20 के सामने लॉकडाउन के दौरान किए गए हंगामे का भी जिक्र कर रहे हैं। दरअसल, नोएडा महानगर भाजपा ने लॉकडाउन के दौरान थाने के सामने धरना दिया था और बवाल किया था। जिसके बाद भी राष्ट्रीय स्तर पर यह मामला सुर्खियों में छा गया था।

अन्य खबरें