नोएडा में दर्दनाक घटना, जन्मदिन पर खेल-खेल में बच्चा पंखे से फंदा लगाकर लटका, मौत

नोएडा | 3 साल पहले | Mayank Tawer

Google Image | प्रतीकात्मक फोटो



नोएडा में बड़ी दर्दनाक वारदात सामने आई है। शहर के सेक्टर-18 में रहने वाले एक 12 वर्षीय बच्चे ने अपने जन्मदिन पर खेल-खेल में पंखे से फंदा लगा लिया और लटक गया। इस घटना में बच्चे की मौत हो गई है। घटना से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिवार वाले आनन-फानन में बच्चे को अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया है। 

थाना सेक्टर-20 के प्रभारी निरीक्षक आरके सिंह ने बताया कि सेक्टर-18 में रहने वाले एक 12 वर्षीय बच्चे का कल जन्मदिन था। उन्होंने बताया कि बच्चे के घर में जन्मदिन मनाने की तैयारियां चल रही थीं। तभी अपने छोटे भाई के साथ खेलते समय उसने घर में पंखे से फंदा लगा लिया और रस्सी गर्दन में डालकर नीचे कूद गया। बच्चे को फांसी लग गई। उसका छोटा भाई भी कुछ समझ नहीं पाया। परिवार का कोई सदस्य भीतर पहुंच तो नजारा देखकर हालत खराब हो गई।

इंस्पेक्टर आरके सिंह ने बताया कि बच्चे के परिजन फंदा काटकर उसे गंभीर हालत में अस्पताल लेकर गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हालांकि, इस मामले में परिवार कोई कानूनी कार्रवाई नहीं करना चाहता है। दूसरी ओर इस घटना से पूरा परिवार गमजदा है। पड़ोसी भी बहुत दुखी हैं। खुशियों के दिन परिवार पर गमों का पहाड़ टूट गया है।

अन्य खबरें