गलगोटिया कॉलेज में बने क्वारंटाइन होम से कोरोना का संदिग्ध मरीज कूदा

Tricity Today | Galgotia University



ग्रेटर नोएडा के गलगोटिया इंस्टिट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग में बनाए गए क्वॉरेंटाइन होम से एक युवक कूद गया है। युवक कोरोनावायरस का संदिग्ध मरीज है और उसे 14 दिनों के लिए यहां क्वॉरेंटाइन करके रखा गया था। जानकारी के मुताबिक रविवार की रात करीब 8:00 बजे युवक ने हॉस्टल से छलांग लगा दी। युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में ले जाया गया है। सूचना मिलने पर नॉलेज पार्क पुलिस मौके पर पहुंची है।

आपको बता दें कि ग्रेटर नोएडा के गलगोटिया कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी को जिला प्रशासन ने अधिग्रहीत करके क्वॉरेंटाइन में विकसित किया है। यहां कोरोनावायरस के संदिग्ध संक्रमित लोगों को 14 दिनों के लिए रखा जा रहा है। फिलहाल, कॉलेज के हॉस्टल में 346 लोगों को क्वॉरेंटाइन करके रखा गया है। 

जानकारी के मुताबिक इन्हीं लोगों में से एक युवक ने हॉस्टल से कूदकर सुसाइड करने का प्रयास किया है। युवक को गंभीर हालत में क्वॉरेंटाइन का प्रबंधन देख रहे अधिकारियों ने उसे आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती किया है। अभी युवक की हालत के बारे में जानकारी नहीं मिली है। सूचना मिलने के बाद नॉलेज पार्क थाना पुलिस मौके पर पहुंची है। पुलिस और प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के बड़े अधिकारी भी गलगोटिया कॉलेज गए हैं।

जानकारी मिल रही है कि युवक नोएडा फेज-2 की स्लम बस्ती का निवासी है। इसे पहले गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के हॉस्टल में बनाए गए क्वारंटाइन होम में भर्ती किया गया था। वहां से गलगोटिया कॉलेज के हॉस्टल में ट्रांसफर किया गया था। यह भी बताया गया है कि युवक ने पहले भी आत्महत्या करने की धमकी दी थी। जिसके बाद उसकी काउंसलिंग की गई थी। युवक अकेला यहां क्वॉरेंटाइन था जबकि उसके परिवार के लोग यहां नहीं हैं। बताया जा रहा है कि परिवार से अलग होने के कारण ही युवक तनाव महसूस कर रहा था।

यह गौतमबुद्ध नगर में ऐसा पहला मामला है, जिसमें संक्रमित या संदिग्ध संक्रमित व्यक्ति ने आत्महत्या करने की कोशिश की है। इससे पहले दिल्ली में 2 लोग कोरोनावायरस से संक्रमित होने के बाद आत्महत्या कर चुके हैं।

अन्य खबरें