BREAKING : भारतीय किसान यूनियन भानु के बाद लोक शक्ति ने भी सामान समेटा, नोएडा दलित मैदान से धरना खत्म

नोएडा | 3 साल पहले | Anika Gupta

Tricity Today | नोएडा दलित मैदान से धरना खत्म



भारतीय किसान यूनियन लोक शक्ति के राष्ट्रीय अध्यक्ष मास्टर श्योराज सिंह भाटी ने गुरुवार की सुबह प्रेस वार्ता करते हुए बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने ऐलान करते हुए कहा है कि नोएडा दलित मैदान से भारतीय किसान यूनियन लोक शक्ति अपना धरना प्रदर्शन खत्म कर रही है। जिसके बाद किसान दलित मैदान से अपना सभी सामान लेकर वापस लौट रहे हैं।

मास्टर श्योराज सिंह भाटी ने प्रेस वार्ता करते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में जो हुआ, वह कभी किसान का चेहरा नहीं हो सकता है। दिल्ली की सड़कों पर दंगे और अपने भाइयों पुलिस कर्मियों के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार करना देश के लिए काफी शर्म की बात है। वह इस घटना से काफी दुखी है। जिसके चलते वह भारतीय किसान यूनियन लोक शक्ति के राष्ट्रीय अध्यक्ष होने के नाते एलान किया है कि नोएडा दलित मैदान से किसानों का धरना प्रदर्शन खत्म हो चुका है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के इस ऐलान के बाद सभी किसान वहां से अपना सामान लेकर वापस लौट रहे हैं।

आपको बता दें कि इससे पहले बुधवार की शाम को भारतीय किसान यूनियन भानु के राष्ट्रीय अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने प्रेस वार्ता करते हुए कहा कि नोएडा चिल्ला बॉर्डर पर भानु अपना धरना प्रदर्शन खत्म कर रहा है। जिसके बाद देर रात को ही किसान वहां से वापस लौट गए। नोएडा पुलिस ने नोएडा चिल्ला बॉर्डर पर पहुंचकर दोनों तरफ के रास्ते को खाली करवा दिया है। अब नोएडा चिल्ला बॉर्डर सामान्य हो गया है।

आपको बता दें कि कृषि कानून के विरोध में नोएडा के चिल्ला बॉर्डर और दलित मैदान में पिछले करीब दो महीनों से किसान धरने पर बैठे हुए थे। किसानों की लगातार मांग थी कि केंद्र सरकार अपने इस कानून को वापस ले। किसान अपनी जिद पर अड़े हुए थे। लेकिन गणतंत्र दिवस पर किसानों का साथ उग्रवादियों ने मिलकर लाल किले और दिल्ली की सड़कों पर जो हिंसा की है। उसके बाद किसान संगठनों ने अपना धरना प्रदर्शन खत्म कर दिया है।

अन्य खबरें