नोएडा अथॉरिटी के गेट पर किसानों ने जड़ा ताला : दफ्तर में कैद अफसर, किसान घायल...इलाका छावनी में तब्दील

नोएडा | 8 महीना पहले | Nitin Parashar

Tricity Today | अथॉरिटी के गेट पर किसानों में जड़ा ताला



Noida News : सेक्टर-6 स्थित नोएडा प्राधिकरण के बाहर पिछले एक महीने से अधिक समय से किसान धरने पर बैठे हुए हैं। भारतीय किसान परिषद के बुलावे पर 100 से अधिक गांव के किसानों ने नोएडा अथॉरिटी के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया है। किसानों ने नोएडा अथॉरिटी के अफसरों को उनके दफ्तरों में कैद कर दिया। इस बीच, किसानों और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी नोंकझोंक भी हुई। इसमें किसान नेता सुखबीर खलीफा जख्मी हो गए हैं। किसानों ने प्राधिकरण के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपनी मांगों को पूरा नहीं होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया। दूसरी तरफ, किसानों के उग्र रूप को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने प्राधिकरण को छावनी में तब्दील कर दिया।
किसानों को जीत दिलवा कर ही दम लेंगे : सुखबीर खलीफा
धरना स्थल पर सुबह हवन करने के बाद भारतीय किसान परिषद के अध्यक्ष सुखबीर खलीफा ने कहा कि इस बार किसानों को जीत दिलवा कर ही दम लेंगे। अधिकारियों ने आश्वासन दिया था कि उनकी समस्याओं का समाधान हो जाएगा। लेकिन, अब तक किसी भी समस्या का समाधान नहीं किया गया है। अथॉरिटी और शासन उन्हें मूर्ख बना रहे हैं। किसानों की मांग पूरी नहीं होगी तो प्राधिकरण के अधिकारियों का यहां क्या काम? ऐसे में प्राधिकरण को बंद रहना ही ठीक है। किसान अपनी मांगों को पूरा कराए बिना यहां से नहीं उठेंगे। आवश्यकता पड़ने पर दिल्ली कार्यालय का भी घेराव किया जाएगा। यह निर्णय सभी किसान संगठनों की समिति से लिया गया है।

क्या है पूरा मामला
किसान नेता सुखबीर खलीफा ने बताया कि किसान बढ़ा हुआ मुआवजा, स्थानीय लोगों को रोजगार व 10 प्रतिशत प्लाट और आबादी की समस्या के पूर्ण निपटारे की मांग कर रहे हैं। दोनों जगहों पर अब तक कोई भी स्थानीय नेता किसानों की समस्याएं सुनने नहीं पहुंचा है। किसान नेताओं के साथ ही जिला प्रशासन के अधिकारियों से भी नाराज हैं। वे भी उनकी मांगों को ऊपर तक नहीं पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमने एनटीपीसी और नोएडा प्राधिकरण को काफी समय दे दिया है। लेकिन, अब तक हमारी मांगों को लेकर सिर्फ कागजी खानापूर्ति ही की जा रही है। इसलिए अब आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस आंदोलन में भारी संख्या में महिलाएं भी हिस्सा ले रहीं हैं। जल्द ही विधायक और सांसद के घर का भी घेराव किया जाएगा।

अन्य खबरें