गौतमबुद्ध नगर का एक और धनकुबेर : नोएडा के पूर्व सीईओ का बसपा सरकार में चलता था एकछत्र राज, जानिए कौन है मोहिंदर सिंह 

नोएडा | 12 घंटा पहले | Lokesh Chauhan

Tricity Today | मोहिंदर सिंह



Noida News : बसपा सरकार में जिस अधिकारी की तूती बोलती थी, करोड़ों रुपये की जमीन को काैड़ियों के भाव बिल्डरों को दे दी। नोएडा अथॉरिटी के सीईओ रहे मोहिंदर सिंह का नाम पहली बार सुपरटेक और आम्रपाली बिल्‍डर घोटाले मामले में सामने आया था। उत्‍तर प्रदेश कैडर का यह पूर्व आईएएस अब फिर से चर्चाओं में है। आईये जानते हैं क्या है मामला और कौन है मोहिंदर सिंह। 

1978 बैच के आईएएस है मोहिंदर सिंह 
जिस रिटायर्ड आईएएस अधिकारी मोहिंदर सिंह के घर ईडी का छापा पड़ा है, वह उत्‍तर प्रदेश कैडर के आईएएस अधिकारी हैं। उन्‍होंने 1977 में यूपीएससी परीक्षा पास की और 1978 बैच के आईएएस अधिकारी बने। वह 31 जुलाई 2012 में रिटायर हुए। रिटायरमेंट से पहले मोहिंदर सिंह की गिनती उत्‍तर प्रदेश के ताकतवर अफसरों में की जाती थी। मायावती शासन में उनकी तूती बोलती थी। यही कारण था कि उन्‍हें एक समय में नोएडा अथॉरिटी का सीईओ बनाए जाने के साथ नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना अथॉरिटी के चेयरमैन भी बने रहे। मोहिंदर सिंह का नाम पहली बार सुपरटेक और आम्रपाली बिल्‍डर घोटाले में सामने आया था। सुपरटेक के विवादित ट्विन टावर मामले में नोएडा अथॉरिटी के 11 अधिकारियों को दोषी पाया गया था। जिसमें मोहिंदर सिंह का भी नाम था। इस मामले में कुल 26 अधिकारियों पर आरोप हैं, जिनमें से 20 अधिकारी रिटायर हो चुके हैं। 

बसपा सरकार में बोलती थी तूती
बसपा सरकार में तैनाती के दौरान मोहिंदर सिंह की नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण में तूती बोलती थी। पांच साल तक मोहिंदर सिंह नोएडा-ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में सीईओ और चेयरमैन दोनों पदों पर तैनात रहे। सुपरटेक के ट्विन टावर मामले में इनके खिलाफ विजिलेंस में मामला दर्ज है। नोएडा-ग्रेनो में नियमों को ताक पर रखकर बिल्डरों को ग्रुप हाउसिंग भूखंड आवंटित किए गए। 

सुर्खियों में रहा दलित प्रेरणा स्थल का निर्माण 
नोएडा में बना राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल स्थानीय लोगों के बीच हाथी पार्क के नाम से जाना जाता है। इस पार्क के निर्माण के दौरान भी मोहिंदर सिंह सुर्खियों में रहा था। बताया जाता है कि रात में मोहिंदर सिंह काम की प्रगति देखने जाते थे, जिससे किसी को इसके बारे में जानकारी न मिले और सीधे शासन को रिपोर्ट भेजी जाए। जिस समय दलित प्रेरणा स्थल का कार्य शुरू किया गया था, उस समय इसका बजट सिर्फ 500 करोड़ रुपये था। निर्माण कार्य पूरा होने तक इस पार्क का बजट दस गुना बढ़कर करीब 5 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच गया था। 
 
ईडी की कार्रवाई का यह है पूरा मामला 
दरअसल लोटस 300 प्रोजेक्‍ट मामले में ईडी ने देश भर में कई जगह छापेमारी की। यह 300 करोड़ का घोटाला था। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने इस मामले में मेरठ स्थित शारदा एक्सपोर्ट के मालिक, उनसे जुड़े लोगों और उनकी योजनाओं में साठगांठ करने वाले सेवानिवृत्त आईएएस के यहां बुधवार को एक साथ बड़ी छापेमारी की। इस दौरान टीम ने दो लोगों के घर से 12 करोड़ के हीरे बरामद किए हैं। 

पांच लोगों के घर पांच शहरों में हुई कार्रवाई 
ईडी ने इस मामले में दिल्‍ली के अलावा नोएडा, मेरठ, चंडीगढ़ और गोवा में छापा मारा था। इसी दौरान नोएडा अथॉरिटी के पूर्व सीईओ मोहिंदर सिंह के चंडीगढ़ स्थित कोठी पर भी ईडी ने छापेमारी की। ईडी के अधिकारी तक चौंक गए, जब मोहिंदर सिंह के घर में हीरों का भंडार मिला। इनकी कीमत लगभग 12 करोड़ रुपये बताई जा रही है। यही नहीं यहां से तकरीबन 7 करोड़ का सोना भी बरामद किया गया। इसके अलावा कई ऐसे दस्तावेज मिले हैं, जिसके बारे में जवाब नहीं दे सके। इन सभी दस्तावेजों को भी जब्त कर लिया गया है। मौके से लैपटाप व कंप्यूटर के अलावा पांच मोबाइल भी अपने कब्जे में लिए हैं। 

आशीष गुप्ता और भाई के घर से मिले 5 करोड़ के हीरे 
ईडी ने मेरठ स्थित शारदा एक्सपोर्ट से जुड़े रहे व्यापारी आशीष गुप्ता व उनके भाई आदित्य गुप्ता के घर भी छापा मारा। इस कार्रवाई के दौरान पांच करोड़ रुपये के हीरे आदित्य के घर से मिले। इन हीरों के बारे में व्यापारी संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। ईडी ने करीब पांच घंटे तक घर का कोना-कोना खंगाला।

नोएडा अथॉरिटी के कई पूर्व अधिकारियों पर आएगी आंच 
मोहिंदर सिंह के कार्यकाल के दौरान मलाई काटने वाले और स्वयं को घोर ईमानदार बताने वाले लोगों तक भी इस जांच की आंच पहुंच सकती है। मोहिंदर सिंह के कार्यकाल के दौरान नोएडा प्राधिकरण में कार्यरत रहे कई अधिकारी रिटायर हो चुके हैं, तो कई अभी अन्य प्राधिकरण में कार्य कर रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि जांच का दायरा बढ़ा, तो न सिर्फ अथॉरिटी के अधिकारी लपेटे में आएंगे, बल्कि कई अधिकारियों की अकूत संपत्ति के राज भी सामने आ जाएंगे।

अन्य खबरें