नोएडा में 7 दिन तक चलेगा MSME कार्निवल : रोजगार, उद्योग  के साथ ही बॉलीवुड स्टार्स बिखेरेंगे जलवा, 21 से 30 अक्तूबर तक होगा आयोजन

नोएडा | 3 घंटा पहले | Ashutosh Rai

Tricity Today | बॉलीवुड और भोजपुरी कलाकर बिखेरेंगे जलवा



Noida News : देश में बड़े उद्योगों को जिस लेवल पर प्रमोशन और पब्लिसिटी मिलती है, उसके मुकाबले MSME से जुड़े छोटे उद्योग अभी उससे कहीं ना कहीं पीछे हैं। इन उद्योगों को आम लोगों में पहचान दिलाने के लिए MSME प्रमोशन काउंसिल इंडिया अपने लेवल पर कई प्रोग्राम भी करती है। इसी कड़ी में नोएडा में MSME कार्निवल का आयोजन किया जा रहा है। इसके लिए MSME प्रमोशन काउंसिल इंडिया ने  नोएडा मीडिया क्लब में प्रेस कॉन्फ्रेस कर जानकारी दी। 

21 अक्टूबर से शुरू होगा MSME कार्निवल    
MSME प्रमोशन काउंसिल इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार ने बताया कि यह कार्निवल 21 अक्टूबर से 30 अक्टूबर तक सोलेट्रियन मॉल, ग्रेटर नोएडा में आयोजित होगा। इस प्रोग्राम का मेन फोकस सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (MSMEs) को प्रोत्साहित करना, रोजगार के अवसर बढ़ाना और उद्योगों को नई दिशा देना है। इसके साथ ही MSME से जुड़े उद्योगों को नई राह दिखाना भी है। 

500 से ज्यादा MSME लेंगे हिस्सा
आयोजन को लेकर यह अच्छी बात सामने आई है कि, इसमें 500 से ज्यादा MSME हिस्सा लेंगे और उनके पास अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने का सुनहरा अवसर होगा। आयोजन में प्रतिदिन 50,000 से 1 लाख लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। साथ ही, जो लोग अपनी दुकान या स्टॉल बुक करना चाहते हैं, वे सीधे MSMEPCI.in वेबसाइट पर आवेदन कर सकते हैं। 

उद्यमियों को मिलेगी सहायता राशि 
कार्निवल में युवा उद्यमियों के लिए ग्रुप डिस्कशन और प्रतिस्पर्धा का आयोजन होगा, जिसमें हर दिन बेहतरीन विचार प्रस्तुत करने वाले को MSME प्रमोशन काउंसिल इंडिया द्वारा 5 लाख तक की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। 

मनोरंजन और व्यापार का संगम
MSME कार्निवल न केवल व्यवसायों को एक मंच प्रदान करेगा, बल्कि सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए मनोरंजन और खरीदारी की भी खास व्यवस्था की गई है। बच्चों और परिवारों के लिए हॉट एयर बैलून राइड, झूले और फेस्टिवल खरीदारी के लिए विशेष मार्केट का आयोजन होगा।

बॉलीवुड और भोजपुरी कलाकर बिखेरेंगे जलवा
कार्निवल में प्रमुख बॉलीवुड और इंस्टाग्राम कलाकारों को भी आमंत्रित किया गया है। जिनमें 21 अक्टूबर को विशाल मिश्रा, 23 अक्टूबर को कनिका कपूर, 24 अक्टूबर को मोनाली ठाकुर, 25 अक्टूबर को सिंगर बादशाह और 26 अक्टूबर को भोजपुरी स्टार पवन सिंह शामिल होंगे। इसके अलावा बॉलीवु़ड सिंगर नेहा कक्कड़ और अन्य नामी कलाकार अपनी परफॉर्मेंस का जलवा बिखेरेंगे, जो इस कार्यक्रम को और भी रोचक बनाएंगे।

स्थानीय व्यवसायों और कला का उत्सव
7 दिन तक चलने वाले इस कार्निवल में फैशन शो, सांस्कृतिक प्रदर्शन और स्थानीय हस्तशिल्प की प्रदर्शनी का भी आयोजन होगा। साथ ही, बैलून फिएस्टा, नाइट ग्लो शो, एडवेंचर गतिविधियाँ और सांस्कृतिक उत्सव जैसे कार्यक्रम कार्निवल को खास बनाएंगे। दरअसल MSME कार्निवल का मेन फोकस न केवल उद्यमियों को सशक्त बनाना है, बल्कि स्थानीय सांस्कृतिक धरोहर को भी प्रमोट करना है। यह आयोजन एक बड़ा व्यापारिक, सामाजिक और सांस्कृतिक उत्सव साबित होगा, जिसमें सबकी भागीदारी महत्वपूर्ण होगी।

अन्य खबरें