BIG BREAKING : नोएडा अथॉरिटी के पहले सीईओ सुशील चन्द्र त्रिपाठी का निधन, कोरोना की चपेट में आए

नोएडा | 3 साल पहले | Anika Gupta

Tricity Today | सुशील चन्द्र त्रिपाठी



Noida News : नोएडा अथॉरिटी (Noida Authority) के पहले मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुशील चंद्र त्रिपाठी का निधन हो गया है। वह कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए थे। जिसके बाद उनका दिल्ली के मैक्स अस्पताल में उपचार चल रहा था। सुशील चंद्र त्रिपाठी के निधन से नोएडा शहर के लोगों में शोक की लहर है। दूसरी ओर नोएडा अथॉरिटी की मुख्य कार्यपालक अधिकारी ऋतु महेश्वरी (Ritu Maheshwari) ने भी शोक संदेश दिया है। ऋतु महेश्वरी ने कहा, "नोएडा क्षेत्र के विकास में उनका अतुलनीय योगदान रहा है। प्राधिकरण के सभी अधिकारी और कर्मचारी उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।"

सुशील चंद्र त्रिपाठी वर्ष 2005 तक भारत सरकार के पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय में बतौर सचिव कार्यरत रहे। वे उत्तर प्रदेश सरकार में कई विभागों में प्रमुख सचिव रहे थे। वर्ष 1977 में नोएडा अथॉरिटी की स्थापना के साथ ही उन्हें मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाकर भेजा गया था। दिल्ली सरकार के शिक्षा सचिव रहे थे। खनन मंत्रालय में बालको और नालको जैसे संस्थानों के मुखिया रह चुके थे। ग्रामीण अर्थव्यवस्था और सहकारिता के वह विशेषज्ञ थे। उन्हें करीब 20 वर्षों का राज्य और केंद्र सरकारों के अलावा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पब्लिक फाइनेंस, इंडस्ट्रियल एंड कम्युनल फाइनेंस और बैंकिंग का अनुभव था।

भारत सरकार से सेवानिवृत्त होने के बाद उन्होंने कई बड़ी निजी कंपनियों में बतौर स्वतंत्र निदेशक काम किया। जिनमें गेमन इंडिया, मदरसन सुमी सिस्टम, रिलायंस कैपिटल, रेलिगेयर, इंडसइंड बैंक, शिपिंग कारपोरेशन ऑफ़ इंडिया, सन फार्मा, माइलस्टोन ग्लोबल, जिंदल स्टील, एनआईआईटी और मोदी रबर लिमिटेड जैसी कंपनियां शामिल हैं। सुशील चंद्र त्रिपाठी एमएससी, एलएलबी और मैनेजमेंट में कई डिग्री रखते थे।

अन्य खबरें