खुशी : नोएडा के विधायक पंकज सिंह ने किया विधानसभा का संचालन, शहर के लोग हुए खुश

नोएडा | 2 साल पहले | Pankaj Parashar

Tricity Today | विधायक पंकज सिंह



Noida/Lucknow : उत्तर प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र का दूसरा चरण सोमवार को शुरू हुआ है। मंगलवार को दिनभर विधानसभा की कार्रवाई चलती रही। पूरक बजट के अलावा विधानसभा सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े मुद्दे उठाए हैं। इस दौरान नोएडा के विधायक पंकज सिंह ने मंगलवार को विधानसभा का संचालन किया। इस दौरान वह विधानसभा अध्यक्ष की कुर्सी पर थे। विधानसभा की कार्यवाही का सीधा प्रसारण दूरदर्शन पर हो रहा था। शहर के लोगों ने पंकज सिंह को पीठासीन देखा तो बधाइयां देनी शुरू कर दीं। तमाम लोगों ने वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर शेयर किए हैं।

नोएडा से दूसरी बार विधायक चुने गए हैं पंकज सिंह
उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के उपाध्यक्ष पंकज सिंह लगातार दूसरी बार नोएडा विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। विगत विधानसभा चुनाव में उन्होंने रिकॉर्ड तोड़ मतों से जीत हासिल की है। वह राज्य में सर्वाधिक मतों से जीतने वाले विधायकों में दूसरे स्थान पर रहे हैं। नोएडा शहर के मतदाताओं और आम आदमी को पूरा भरोसा था कि वह इस बार योगी आदित्यनाथ कैबिनेट के सदस्य बनेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। जिससे उनके प्रशंसकों और समर्थकों को काफी मायूसी हुई है। अब मंगलवार को उन्हें विधानसभा स्पीकर की कुर्सी पर देखकर लोगों ने खुशी जाहिर की।

सोशल मीडिया पर लग गई बधाइयों की झड़ी
शहर के लोगों ने विधानसभा की कार्यवाही का वीडियो दूरदर्शन की लाइव फीड और यूट्यूब चैनलों से डाउनलोड किया। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारियों ने पंकज सिंह के फोटो सोशल मीडिया पर शेयर करने शुरू कर दिए। इसके बाद शहर के तमाम लोग बधाई देने लगे। आपको बता दें कि पंकज सिंह भारतीय जनता पार्टी की राजनीति में करीब 20 वर्षों से सक्रिय हैं। वह भारतीय जनता पार्टी में तमाम महत्वपूर्ण पदों पर काम कर रहे हैं। दो बार से नोएडा विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।

अन्य खबरें