BIG BREAKING : नोएडा गार्डन गैलेरिया हत्याकांड में 7 गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी

नोएडा | 2 साल पहले | Mayank Tawer

Tricity Today | आरोपी गिरफ्तार



Noida News : नोएडा में गार्डन गैलरिया मॉल के रेस्टोरेंट 'लॉस्ट लेमन' में सोमवार की देर रात एक युवक की बाउंसरों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। इस मामले में नोएडा पुलिस ने 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। अभी दो और आरोपियों की तलाश जारी है। नोएडा के एडिशनल डिप्टी पुलिस कमिश्नर कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। बाकी दो फरार लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है।

हत्याकांड में 8 नामजद और एक अज्ञात आरोपी
एडिशनल डीसीपी कुमार रणविजय सिंह ने कहा, "इस वारदात से संबंधित सभी साक्ष्यों का बेहद बारीकी से अध्ययन किया गया है। जिसके आधार पर 8 लोगों को एफआईआर में नामजद किया गया है। एक व्यक्ति अज्ञात है। आठ नामजद लोगों में से 7 को गिरफ्तार कर लिया गया है। इन 7 लोगों में से 5 लॉस्ट लेमन बार के हॉस्पिटेलिटी स्टाफ हैं और दो सिक्योरिटी स्टाफ हैं। एक फरार स्टाफ की तलाश अभी जारी है। एक अज्ञात आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। इन लोगों ने बृजेश कुमार और उनके साथियों के साथ मारपीट की थी। जिसमें बृजेश कुमार को गंभीर चोट लग गई और उनकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एक्सपर्ट ऑपिनियन के लिए भेजी गई
बृजेश कुमार के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट मंगलवार की शाम नोएडा पुलिस को मिल गई थी। जिसमें पता चला है कि बृजेश कुमार के सिर, पेट और शरीर के कई अंदरूनी हिस्सों में गंभीर चोट लगी हैं। पेट और छाती में आंतरिक रक्तस्राव भी हुए हैं। जिससे प्रतीत होता है कि उनको बुरी तरह लात-घूसों से पीटा गया। उनके सिर पर कोई भारी चीज मारी गई, जो मौत की वजह बनी है। इस पर एडीसीपी रणविजय सिंह ने कहा, "पोस्टमार्टम रिपोर्ट का हम लोगों ने बारीकी से अध्ययन किया है। इन्वेस्टिगेशन और चार्जशीट में बेहतर तथ्य शामिल करने के लिए पीएमआर एक्सपर्ट ऑपिनियन के लिए विशेषज्ञों को भेजी गई है।"

जो शामिल हैं, किसी को नहीं छोड़ा जाएगा : एडीसीपी
रेस्टोरेंट बार लॉस्ट लेमन के मालिक लव ढींगरा और उसके दो पार्टनर सोमवार की रात से ही फरार हैं। इन लोगों से पुलिस और मीडिया ने संपर्क करने का प्रयास किया है। कोई संपर्क नहीं हो पाया है। सबके मोबाइल फोन स्विच ऑफ चल रहे हैं। इसके अलावा रेस्टोरेंट्स बार का बाकी स्टाफ भी फरार हो गया है। इन लोगों की क्या संलिप्तता है? इस सवाल के जवाब पर एडिशनल डीसीपी ने कहा, "यह बेहद जघन्य अपराध है। इसमें किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। किसी भी व्यक्ति की प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष भूमिका सामने आएगी तो उसके खिलाफ जरूर कार्रवाई की जाएगी। रेस्टोरेंट के संचालकों की तलाश की जा रही है।"  

क्या है पूरा घटनाक्रम
नोएडा की एक कंपनी में काम करने वाले बृजेश कुमार सोमवार की रात अपने छह सहकर्मियों के साथ गार्डन गैलरिया मॉल के 'लॉस्ट लेमन' रेस्टोरेंट बार में पार्टी करने गए थे। वहां बिल को लेकर इन लोगों का रेस्टोरेंट स्टाफ से विवाद हो गया। जिसमें बार के बाउंसरों ने सारे लोगों को बुरी तरह पीटा। बृजेश कुमार की इतनी ज्यादा पिटाई कर दी गई कि उनकी मौत हो गई। इसके बाद बार का स्टाफ फरार हो गया। बृजेश के दोस्त उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बृजेश कुमार करीब 4 महीने अपने परिवार के साथ नोएडा शिफ्ट हुए थे। वह शहर की अम्रपाली प्रिंसली एस्टेट हाउसिंग सोसाइटी में रह रहे थे। उनकी पत्नी डीपीएस नोएडा में टीचर हैं।

अन्य खबरें