NOIDA : युवा दिवस पर पंकज सिंह ने दी स्वामी विवेकानंद को श्रद्धांजलि, कहा - युवा देश को बदल सकता है

नोएडा | 3 साल पहले | Harish Rai

Tricity Today | युवा दिवस पर पंकज सिंह ने दी स्वामी विवेकानंद को श्रद्धांजलि



राष्ट्रीय युवा दिवस के मौके पर भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा ने पूरे देश में युवा उद्यमियों का सम्मान किया। भाजपा युवा मोर्चा, नोएडा ने भी शहर में उद्यमियों को सम्मानित किया। इसके लिए नोएडा सेक्टर-33 स्थित महाराजा अग्रसेन भवन में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में 40 उद्यमियों को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। इस मौके पर गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ महेश शर्मा मुख्य अतिथि के रुप में मौजूद रहे। नोएडा के विधायक और प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज सिंह ने मुख्य वक्ता के रूप में उद्यमियों व कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। 

कार्यक्रम का मकसद युवा पीढ़ी को उद्यमशीलता की तरफ बढ़ाने के लिए प्रेरित करना था। समारोह में सभी सम्मानित उद्यमियों ने अपनी उपलब्धियों के बारे में विस्तार से बताया। सभी सम्मानितों ने भारत सरकार और राज्य सरकार की नई स्टार्टअप और एंटरप्रेन्योरशिप में मददगार नीतियों के बारे में भी चर्चा की। गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ महेश शर्मा ने उद्यमियों का स्वागत किया। उन्होंने युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को राष्ट्रीय युवा दिवस की शुभकामनाएं दी। डॉ महेश शर्मा ने स्वामी विवेकानंद का उदाहरण देते हुए कहा कि मजबूत इच्छाशक्ति और समाज सेवा की भावना से युवा देश बदल सकता है। अगर युवा सही मार्ग पर चले और कृत संकल्पित हो, तो उसकी सफलता को कोई रोक नहीं सकता। ना ही कोई बाधा उसे लक्ष्य हासिल करने से रोक सकती है।

नोएडा के विधायक पंकज सिंह ने भी स्वामी विवेकानंद को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने सभी आगंतुकों को राष्ट्रीय युवा दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वामी जी के बताए मार्क पर चलने की अपील की। पंकज सिंह ने विवेकानंद के शिकागो सम्मेलन के उस वक्तव्य का जिक्र किया। स्वामी जी ने शिकागो धर्म सम्मेलन में कहा था, “भारत देश में व्यक्ति की पहचान उसके वस्त्रों से नहीं, अपितु उसके चरित्र से होती है।“ पंकज सिंह ने सभी युवाओं को आत्मनिर्भर और उद्यमी बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने इस संबंध में भाजपा सरकार की चलाई जा रही योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी।

कार्यक्रम का समापन करते हुए भाजपा के जिलाध्यक्ष मनोज गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी आत्मनिर्भर भारत अभियान से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने युवा उद्यमियों को हर तरह के मदद का वचन दिया। युवा मोर्चा संयोजक रामनिवास यादव ने कार्यक्रम को सफल बनाने  के लिए सभी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया। सम्मान समारोह कार्यक्रम में युवा मोर्चा प्रभारी व वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष मनीष शर्मा, जिला महामंत्री उमेश त्यागी, चंदगीराम यादव, डिम्पल आनंद, गणेश जाटव, प्रदेश उपाध्यक्ष युवा मोर्चा श्री सूरज सोमवंशी व आयुषी श्रीमाली मौजूद रहे।

इसके अलावा प्रदेश युवा मोर्चा मंत्री सतेंदर नागर, मीडिया प्रभारी तन्मय शंकर, भूपेश चौधरी,चमन अवान, विपुल शर्मा, धर्मेद्र चौहान,  शिवांश श्रीवास्तव, प्रमोद बहल, चमोली, पंकज  झा, कल्लू सिंह, सत्यम सिंह, नवीन मिश्रा, रितेश वर्मा, नरेंद्र जोगी, साहिल राठी, अनुज शर्मा, राहुल शर्मा, विकास अवाना, संजय चौधरी, अंकुश चौधरी, प्रशांत शर्मा, राजेश शर्मा, सूर्य शर्मा, प्रवीण चौहान,  उज्जवल सिंह,  भूपेंद्र सैनी, विकास राणा और हर्ष शर्मा भी सम्मान समारोह कार्यक्रम का हिस्सा रहे।

अन्य खबरें