आगरा : पता बताने से इनकार करने पर बाइक सवार बदमाशों ने मारी गोली, युवक की हालत गंभीर

Google Image | Symbolic Photo



Agra : आगरा के थाना हरीपर्वत क्षेत्र में बाइक सवार 6 बदमाशों ने पता नहीं बताने पर एक युवक को गोली मार दी। गोली लगने से युवक घायल हो गया। जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपी घटना को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है। 

पता मालूम न होने पर दी गालियां 
थाना हरी पर्वत क्षेत्र स्थित सुल्तानगंज मोहल्ले में दीपक रहते है। दीपक गुरुवार रात को करीब 10 बजे कुछ लोगों के साथ घर के बाहर खड़े हुए थे। तभी वहां तीन बाइक पर 6 युवक आए। बाइक सवार युवक दीपक से पता पूछने लगे, जिस पर दीपक ने पता मालूम होने से इनकार कर दिया। इस पर बाइक सवार युवकों में से एक युवक गालियां देने लगा। 

गाली देने से मना करने पर चलाई गोली 
दीपक और उसके साथ खड़े लोगों ने गाली देने से मना किया तो इस पर सभी बाइक सवार बदमाश सभी को गालियां देने लगे। इसी दौरान बाइक सवार एक युवक ने तमंचा निकाल कर गोली चला दी। गोली दीपक के पेट में लगी। आरोपी घटना को अंजाम देकर तमंचा लहराते हुए मौके से फरार हो गए। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। 

पुलिस का बयान 
सीओ हरी पर्वत एएसपी सत्यनारायण ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हमलावरों की तलाश में लगी हुई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

अन्य खबरें