Lucknow : भाजपा से त्रस्त होकर सपा प्रतिनिधि मंडल ने डीजीपी को दिया ज्ञापन, कहा- पंचायत सदस्यों पर गैंगस्टर लगाने की साजिश

Tricity Today | भाजपा से त्रस्त होकर सपा प्रतिनिधि मंडल ने डीजीपी को दिया ज्ञापन



उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और जिला पंचायत सदस्यों को राजनीतिक द्वेष के कारण फर्जी मुकदमों में फसाया जा रहा है। वहीं, औरैया में सपा नेता का मकान तोड़ने की धमकी दी गयी है। जिसके चलते बुधवार को समाजवादी पार्टी का 5 सदस्य प्रतिनिधिमंडल उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक हितेश चंद्र अवस्थी को ज्ञापन देने पहुंचा। प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र चौधरी, अरविंद कुमार सिंह, डॉ. राजपाल कश्यप और उदयवीर सिंह ने प्रदेश के डीजीपी को ज्ञापन दिया है। 

राजेंद्र चौधरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में विगत 4 वर्षों में भाजपा ने सत्ता का घर दुरुपयोग किया है। भाजपा सरकार की दमनकारी नीतियों से लोकतंत्र खतरे में है। समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को फर्जी मुकदमों में फंसाया जा रहा है। उनका उत्पीड़न और अत्याचार हो रहा है। इधर जब से जिला पंचायतों के चुनाव में भाजपा बुरी तरह से चुनाव हारी है। तब से सपा के नेताओं कार्यकर्ताओं और समर्थित जिला पंचायत सदस्यों को फर्जी मुकदमों में फंसाया जा रहा है।



उनका कहना है कि औरैया, मैनपुरी, फिरोजाबाद और एटा आदि जनपदों में जिला पंचायत सदस्यों के विरुद्ध निराधार आरोप लगाकर उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है। मैनपुरी में जिला पंचायत सदस्यों पर गैंगस्टर लगाने की साजिश की जा रही है। इसी तरह प्रदेश के अन्य जिलों में भी पार्टी कार्यकर्ताओं एवं जिला पंचायत सदस्यों का उत्पीड़न हो रहा है। प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो गई। अपराधियों के हौसले इतने बढ़ गए हैं कि महिलाओं और बच्चियों के साथ बलात्कार जैसी शर्मनाक घटनाएं हो रही हैं। इसलिए समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल की मांग है कि प्रशासनिक उत्पीड़न तत्काल बंद किया जाए। इस तरह के कृत्य में जो अधिकारी लिप्त पाए जाएं, उनके विरुद्ध कार्यवाही की जाए।

अन्य खबरें