बुलंदशहर में पुलिस का बड़ा एक्शन :  तीन एनकाउंटर में डेढ़ लाख के इनामी समेत 3 अपराधी ढेर, थाना प्रभारी घायल

Tricity Today | अपराधी ढेर



Bulandshahr News : उत्तर प्रदेश पुलिस ने अपराधियों पर शिकंजा कसने के अपने अभियान को सख्त किया है। बुलंदशहर में पिछले कुछ घंटों में पुलिस ने तीन बड़े एनकाउंटर किए। जिनमें दो खूंखार अपराधी ढेर हो गए। पुलिस ने बुलंदशहर के कुख्यात अपराधी राजेश को मुठभेड़ में मार गिराया। जिस पर डेढ़ लाख का इनाम घोषित था। इसके कुछ ही घंटों पहले बाबूलाल और गोलू नामक दो अपराधियों को भी पुलिस ने एनकाउंटर में पकड़ लिया। राजेश के खिलाफ 50 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे। वह पुलिस की लंबे समय से तलाश में था।

राजेश का लंबा आपराधिक इतिहास
राजेश बुलंदशहर के थाना अहार क्षेत्र के सिहालीनगर गांव का निवासी था। जिसके खिलाफ लूटपाट, डकैती और गैंगस्टर एक्ट जैसे गंभीर अपराधों में 50 से अधिक मामले दर्ज थे। अलीगढ़ और बुलंदशहर पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए एक लाख और पचास हजार का इनाम घोषित किया था। पुलिस को राजेश की तलाश वर्षों से थी, लेकिन वह हर बार पुलिस की गिरफ्त से बच निकलता था। उसकी गिरफ्तारी को लेकर स्थानीय प्रशासन पर काफी दबाव था।

कैसे हुई मुठभेड़
मुखबिर से सूचना मिली कि राजेश बुलंदशहर के कोतवाली देहात क्षेत्र में छिपा हुआ है। अनूपशहर के सीओ गिरजा शंकर त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की और राजेश को आत्मसमर्पण करने का आदेश दिया। राजेश ने सरेंडर करने के बजाय पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस मुठभेड़ के दौरान थाना प्रभारी और एक सिपाही भी घायल हो गए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कुछ घंटों में दूसरा एनकाउंटर
राजेश के एनकाउंटर से कुछ घंटे पहले ही बुलंदशहर पुलिस ने खुर्जा नगर क्षेत्र में दो अन्य अपराधियों (बाबूलाल और गोलू) को भी मुठभेड़ के दौरान पकड़ा गया। पुलिस चेकिंग के दौरान ये दोनों बाइक से भागने की कोशिश कर रहे थे। रोकने पर उन्होंने पुलिस पर फायरिंग की, जिसमें जवाबी कार्रवाई में दोनों को पैरों में गोली लगी और वे घायल हो गए। उनके पास से अवैध हथियार, कारतूस और एक चोरी की गई बाइक बरामद की गई।

बाबूलाल और गोलू का आपराधिक रिकॉर्ड
बाबूलाल और गोलू पर हाल ही में 9 अक्टूबर को गौरव नामक व्यक्ति की हत्या का आरोप था। हत्या के पीछे पैसों के लेन-देन का विवाद बताया जा रहा है। पुलिस ने इन दोनों की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष अभियान चलाया था। मुठभेड़ के बाद दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

अपराधियों के खिलाफ सख्त रवैया
बुलंदशहर पुलिस द्वारा एक ही दिन में किए गए इन तीन एनकाउंटर ने अपराधियों के बीच खौफ का माहौल बना दिया है। पुलिस ने साफ कर दिया है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि राजेश और उसके साथियों का सामना करना पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण था, लेकिन पुलिस की सूझबूझ और तत्परता से यह संभव हो सका।

अन्य खबरें