Delhi News : अवैध संबंधों के शक में पत्नी की हत्या, पुलिस ने बंद कमरे से बरामद किया शव

Google Image | Symbolic Image



Delhi News (Sachin) : दिल्ली के खजूरी खास थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अवैध संबंध होने के शक में अपनी पत्नी की हत्या कर दी। हत्या करने के बाद आरोपी पति अपनी पत्नी के शव को कमरे में बंद करके फरार हो गया। मृतका की बेटी ने मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मकान मालिक की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा खोला। पुलिस को कमरे के अंदर बिस्तर पर महिला का शव लहुलुहान स्थिति में पड़ा मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मृतका की बेटी ने दी सूचना
जानकारी के अनुसार, दिल्ली के खजूरी खास थाना क्षेत्र की गली नंबर 17 बी स्थित एक मकान में किराये पर 35 वर्षीय द्रौपदी अपनी बेटी और अपने दूसरे पति सुनील के साथ रहती थी। बताया गया है कि सुनील राज मिस्त्री का काम करता है। रविवार को द्रौपदी की बेटी ने पुलिस को सूचना देते हुए बताया कि उसकी मां का शनिवार से पता नहीं है। उसका सौतेला पिता सुनील कमरे को बंद कर कहीं चला गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मकान मालिक की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा खोला, तो कमरे के अंदर द्रौपदी की लाश बिस्तर पर मिली। मृतक महिला के सिर पर चोट के निशान थे और गले में चुन्नी लिपटी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, घटना के बाद से महिला का पति सुनील फरार है।

आएदिन होता था दोनों के बीच झगड़ा
मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास रहने वाले लोगों से जानकारी की तो पता चला कि दोनों पति-पत्नी के बीच लगभग रोज ही झगड़ा होता था। मृतका की बेटी ने दोनों को आखिरी बार शनिवार को देखा था। इसके बाद उसकी मां दिखाई नहीं दी। उसका सौतेला पिता कमरा बंद कर कहीं चला गया। पुलिस के अनुसार, सुनील को शक था कि उसकी पत्नी का किसी अन्य व्यक्ति से अवैध संबंध है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा होता था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच करने में जुटी है।

सुनील से दूसरी शादी थी द्रौपदी की
बताया गया है कि द्रौपदी की सुनील के साथ दूसरी शादी थी। उसकी पहली शादी बिहार निवासी एक युवक के साथ हुई थी। जिससे उसको चार बच्चे हैं। तीन बच्चे बिहार निवासी उसके पहले पति के पास रहते हैं, जबकि एक बेटी उसके साथ दिल्ली आ गई थी। वह पिछले 7 साल से सुनील के साथ दिल्ली में रह रही थी। पुलिस के अनुसार आरोपी पति अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है और मामले की जांच कर रही है।

अन्य खबरें