गाजियाबाद डीएम इन्द्र विक्रम सिंह बोले- कांवड़ियों के साथ स्थानीय लोगों का भी ध्यान रखें पुलिस

गाजियाबाद | 2 महीना पहले | Dhiraj Dhillon

Tricity Today | इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम पर सीसीटीवी से निगरानी करते डीएम इन्द्र विक्रम सिंह



Ghaziabad News : कांवड़ यात्रा के कुशल संचालन को सुनिश्चित करने के लिए पुलिस और प्रशासन के अधिकारी पूरी तरह सतर्क हैं। ‌जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह मेरठ तिराहे पर स्थित इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम का निरीक्षण करने पहुंचे। इससे पहले जिलाधिकारी ने दूधेश्वरनाथ मंदिर पर की गई व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। कंट्रोल रूम पर उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कहा कि कांवड़ियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों का भी ध्यान रखा जाए। ऐसा न हो कि स्थानीय लोगों को उनके गन्तव्य तक पहुंचने में किसी तरह परेशानी हो। जिलाधिकारी कांवड़ सेवा शिविरों का भी निरीक्षण किया।

बंद सीसीटीवी तत्काल चालू कराया
कंट्रोल रूम के  निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह को एलईडी स्क्रीन पर प्रदर्शित हो रहा एक सीसीटीवी बंद दिखा। जिलाधिकारी ने तत्काल उस बंद पड़े सीसीटीवी का चालू कराया। इस मौके पर डीएम ने निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा में कंट्रोल रूम को हर पल निगरानी करनी है। कहीं भी कोई समस्या नजर में आए तो तत्काल उसका निस्तारण कराया जाए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी सिविल डिफेन्स के कांवड़ सेवा शिविर में भी पहुंचे।

चिकित्सकों से भी ‌मिले डीएम
जिलाधिकारी ने कांवडियों के लिए चिकित्सा विभाग के कैंप का निरीक्षण करने के साथ ही मौजूद चिकित्सकों से बात की और उपचार हेतु दवाओं आदि का स्टॉक भी देखा। उन्होने कांवड़ियों को उनकी जरूरत के अनुसार ओआरएस सहित अन्य सामान वितरित करते रहने के निर्देश दिए। डीएम ने खुद भी कांवड़ियों को ओआरएस के पैकेट वितरित किए।  

कांवड़ियों से जानी व्यवस्था की हकीकत
जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने कांवड़ियों से बात कर यह जानने का प्रयास किया कि जनपद की सीमा में उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना तो नहीं करना पड़ा। उनसे कांवड़ मार्ग, खानपान की व्यवस्था और पेयजल के साथ ही प्रकाश व्यवस्था आदि पर डीमए ने सवाल किए। कांवड़ियों के मुंह से व्यवस्था की तारीफ सुन डीएम प्रसन्न हुए। उन्होंने कांवड़ियों से अनुरोध किया कि प्लास्टिक से बने उत्पादों को कम से कम उपयोग करें।

अन्य खबरें