ग्रेटर नोएडा वेस्ट में एक मामला ऐसा भी : बेटे के जन्म की खुशी मना रहे पिता को पीट-पीट कर किया लहूलुहान, जानिए पूरा मामला

Tricity Today | Symbolic Image



Greater Noida West : ग्रेटर नोएडा वेस्ट में एक ऐसा मामला सामने आया है। जहां एक पिता को बेटे के जन्म की खुशी मनानी महंगी पड़ गयी। दरअसल, एक पिता बेटे के जन्म पर घर के बाहर पटाखे जला रहा था। पटाखे की आवाज से पड़ोसी इस कदर नाराज हुआ कि उसने सरिया से वार कर उसका सिर फोड़ दिया। पीडि़त के भाई ने आरोपी व उसके साथियों के खिलाफ थाना बिसरख में मुकदमा दर्ज कराया है।

क्या है पूरा मामला
मूल रूप से जनपद हरदोई निवासी प्रदीप कुमार ने बताया कि उसका भाई सुमित मिल्क लच्छी गांव में रहता है। 12 अक्टूबर को सुमित के यहां बेटा हुआ। बेटा होने की खुशी में सुमित घर के बाहर पटाखे जला रहा था। इस दौरान पड़ोस में रहने वाला मनोज व उसके साथी मौके पर पहुंचे और पटाखे चलाने का विरोध कर गाली-गलौज करने लगे। सुमित ने जब गाली-गलौज का विरोध किया तो मनोज ने उसके सिर पर लोहे की सरिया से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। झगड़ा होता देखकर आस-पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे। इसके बाद आरोपी गाली-गलौज कर और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। 

पुलिस का बयान
इस संबंध में बिसरख पुलिस का कहना है कि पीडि़त की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश जारी है। उन्हें जल्द पकड़ गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

अन्य खबरें