ग्रेटर नोएडा बना खेल महाकुंभ का केंद्र : सीबीएसई की विशाल एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आगाज, 4000 एथलीट लेंगे हिस्सा

Tricity Today | Symbolic Image



Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा में आज से शुरू हो रही है सीबीएसई की 19वीं क्लस्टर एथलेटिक्स प्रतियोगिता। इस भव्य आयोजन में पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के 400 से अधिक विद्यालयों के करीब 4000 युवा एथलीट अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। दादरी स्थित आरवी नॉर्थलैंड स्कूल में 22 से 24 सितंबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में बालिका वर्ग की खिलाड़ी अपना दमखम दिखाएंगी।

जिले के विभिन्न स्कूलों से 500 से अधिक खिलाड़ी लेंगे हिस्सा
स्कूल की प्रधानाचार्या वंदना शर्मा ने बताया कि अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग में प्रतिस्पर्धाएं होंगी। इनमें 100, 200, 400, 800 मीटर की दौड़, 400 मीटर रिले रेस के अलावा जैवलिन थ्रो, लंबी कूद, ऊंची कूद, शॉट पुट और डिस्कस थ्रो जैसी विविध स्पर्धाएं शामिल हैं। देहरादून, सहारनपुर, बरेली, आगरा, मथुरा और अलीगढ़ जैसे दूर-दराज के जिलों से आए खिलाड़ी कल से ही स्कूल पहुंचने लगे हैं। सभी प्रतिभागियों के लिए स्कूल परिसर में ही रहने की व्यवस्था की गई है। जिले के विभिन्न स्कूलों से 500 से अधिक खिलाड़ी भी इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।

अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल व्हीलचेयर खिलाड़ी रहेंगे मौजूद
इस प्रतिष्ठित आयोजन के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल व्हीलचेयर खिलाड़ी अलीशा और राखी मौजूद रहेंगी। उनकी उपस्थिति से युवा एथलीटों को निश्चित रूप से प्रेरणा मिलेगी।

अन्य खबरें