ग्रेटर नोएडा वेस्ट में लूट : महिला से चेन झपटी, पुलिस ने दो महीने बाद केस दर्ज कर क्राइम किया कंट्रोल

Google Image | Symbolic Photo



Greater Noida West : ग्रेटर नोएडा वेस्ट में बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला से सोने की चेन लूटी थी। यह घटना करीब दो महीने पुरानी है। आरोप है कि थाना बिसरख पुलिस ने मामले घटना के समय शिकायत नहीं दर्ज की।  महिला के बेटे का आरोप है कि उच्चाधिकारियों से शिकायत करने के बाद पुलिस ने केस दर्ज किया है।

जानिए पूरा मामला
ग्रेनो वेस्ट की अजनारा होम्स सोसायटी में रहने वाले कुंदन कुमार ने बिसरख थाने में केस दर्ज कराया है। कुंदन कुमार ने पुलिस को बताया कि 8 अगस्त की शाम को उनकी मां राधा स्काई गार्डन सोसायटी के पास साप्ताहिक बाजार से खरीदारी कर घर लौट रही थीं। इसी दौरान रास्ते में बाइक सवार दो लुटेरों ने उनकी मां के गले से सोने की चेन लूट ली। चेन में सोने का लॉकेट भी था। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए। महिला के बेटे ने इस घटना की शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने केस दर्ज करने का आश्वासन दिया, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। 

दो बार ऑनलाइन शिकायत भी हुई रिजेक्ट
इसके बाद पीड़िता ने दो बार ऑनलाइन एफआईआर दर्ज कराई, लेकिन उसे खारिज कर दिया गया। पीड़िता ने मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों से की। इसके बाद अब पुलिस ने लूट का केस दर्ज किया है। 

पुलिस का बयान
इस संबंध में पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। लुटेरों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

अन्य खबरें