ग्रेटर नोएडा में भव्य रामलीला : साइट-4 में पहली बार परदे की जगह तीन बड़ी एलईडी स्क्रीन, इतने ही विशाल मंच

Google Image | Symbolic Image



Greater Noida News : श्री रामलीला कमेटी द्वारा ग्रेटर नोएडा के साइट 4 में स्थित रामलीला मैदान में एक भव्य रामलीला का मंचन 4 अक्टूबर से शुरू होने जा रहा है। यह कार्यक्रम हर दिन शाम 7 बजे से रात 10 बजे तक चलेगा। इस वर्ष का आयोजन विशेष रूप से आकर्षक होगा क्योंकि इसमें तीन विशाल मंचों का निर्माण किया गया है। जिनमें अयोध्या और लंका के लिए अलग-अलग मंच हैं। रामलीला का मंचन देखने वालों के लिए यह एक अनूठा अनुभव होगा। 3 अक्टूबर को एक विशेष कार्यक्रम हिंडन की रफ्तार भी आयोजित किया जाएगा। 

रामलीला में 100 से अधिक कलाकार लेंगे भाग 
इस रामलीला में मुख्य आकर्षण में से एक होगा 55 फीट का धनुष, जो 60 फीट की ऊंचाई पर टूटेगा। रावण का पुतला लगभग 65 फीट ऊंचा होगा, जो दर्शकों के लिए एक अद्भुत दृश्य प्रस्तुत करेगा। दशहरे के दिन रंगीन आतिशबाजी का आयोजन भी किया जाएगा, जो इस महोत्सव को और भी जीवंत बना देगा। इसके साथ ही पद्म श्री पुरस्कार विजेता राम सुतार की मूर्तियों की एक प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इस रामलीला में 100 से अधिक कलाकार भाग लेंगे।

परदे की जगह तीन बड़ी एलईडी स्क्रीन का किया जाएगा उपयोग 
इस वर्ष के रामलीला मंचन के लिए 325 फीट लंबा और 80 फीट चौड़ा विशाल मंच बनाया जा रहा है। खास बात यह है कि एनसीआर में पहली बार परदे के बैकग्राउंड की जगह तीन विशालकाय एलईडी स्क्रीन का उपयोग किया जाएगा, जिससे पूरा ग्राफिक कंट्रोल किया जाएगा। यह आयोजन न केवल धार्मिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है, बल्कि सांस्कृतिक और तकनीकी दृष्टि से भी इसे विशेष बनाया गया है। ऐसे में दर्शकों को एक यादगार अनुभव मिलेगा।

अन्य खबरें