डॉ.महेश शर्मा और पंकज सिंह ने करीब 4 करोड़ रुपए की विकास योजनाओं का शिलान्यास किया

नोएडा | 4 साल पहले | Mayank Tawer

Social Media | डॉ.महेश शर्मा और पंकज सिंह ने करीब 4 करोड रुपए की विकास योजनाओं का शिलान्यास किया



नोएडा शहर में विकास योजनाओं को गति देने के लिए सांसद डॉ.महेश शर्मा और विधायक पंकज सिंह ने 3.73 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया है। नोएडा विकास प्राधिकारण इन परियोजनाओं का व्यय वहन करेगा। इससे शहर के आवासीय क्षेत्रों में हज़ारों लोगों को लाभ प्राप्त होगा। 

डॉ.महेश शर्मा और पंकज सिंह ने प्राधिकरण की तीन परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं से तीन गांवों के हजारों लोगों को सुविधाएं मिलेंगी। तीनों परियोजनाओं को पूरा करने के लिए 3.73 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस मौके पर नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक (परियोजना) राजीव त्यागी, वरिष्ठ प्रबंधक सतेंद्र गिरि सहित भाजपा कार्यकर्ता और प्राधिकरण के अधिकारी मौजूद रहे।

नोएडा के महाप्रबंधक राजीव त्यागी ने बताया कि सांसद और विधायक ने तीन परियोजनाओं का शिलान्यास किया है। इनमें अगाहपुर गांव में सामुदायिक केंद्र के प्रथम तल और बरामदे का निर्माण कार्य किया जा रहा है। इसके लिए 76.50 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। सदरपुर गांव के निकट सेक्टर-63 में सामुदायिक केंद्र का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए 2.37 करोड़ रुपये खर्च होंगे। होशियारपुर गांव में सामुदायिक केंद्र के बरामदे का निर्माण और कई अन्य कार्य किए जा रहे हैं। इसके लिए 59.60 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। शिलान्यास कार्यक्रम सदरपुर गांव में संयुक्त रूप से आयोजित किया गया है।

इस मौके पर सांसद डॉ.महेश शर्मा और विधायक पंकज सिंह ने मौजूद ग्रामीणों को संबोधित किया। कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार मिलकर समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए काम कर रही हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गौतमबुद्ध नगर जिले के विकास पर खास ध्यान दिया है। अभी तक उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री यहां आने से भी डरते थे। आने वाले एक से डेढ़ वर्ष में नोएडा शहर को करीब 4000 करोड़ रुपए की नई विकास योजनाएं समर्पित कर दी जाएंगी।

अन्य खबरें