गौतमबुद्ध नगर में समाधान दिवस : तीनों तहसीलों में 204 शिकायतें हुई दर्ज, लेकिन सिर्फ नौ का ही हो सका निस्तारण

नोएडा | 3 महीना पहले | Junaid Akhtar

Tricity Today | Symbolic Image



Noida News : गौतमबुद्ध नगर में शनिवार को तीनों तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान करीब 204 शिकायतें दर्ज की गई। जिसमें से सिर्फ नौ शिकायतों का ही मौके पर निस्तारण किया गया। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी शिकायतों का निपटारा कर दिया जाएगा। 

डीएम ने की अध्यक्षता 
गौतमबुद्ध नगर के डीएम मनीष कुमार वर्मा ने तहसील सदर में सम्पूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता की। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी ने जनता की शिकायतें सुनीं। यहां आम जनता द्वारा विभिन्न विभागों से संबंधित 9 शिकायतें दर्ज कराई गईं, जिसमें एक शिकायत का विभागीय अधिकारियों के माध्यम से मौके पर ही निस्तारण किया गया। इसी प्रकार दादरी तहसील में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अतुल कुमार की अध्यक्षता में तहसील सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें जनता द्वारा कुल 153 शिकायतें दर्ज कराई गईं, जिनमें 6 शिकायतों का निस्तारण किया गया। जेवर तहसील में अपर जिलाधिकारी भूमि/अ. बच्चू सिंह की अध्यक्षता में तहसील सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, यहां जनता द्वारा विभिन्न विभागों से सम्बन्धित कुल 42 शिकायतें दर्ज कराई गईं। जिसमें से सिर्फ 2 शिकायतों का निस्तारण हो पाया। 

प्रशासन जनता की शिकायतों के प्रति गंभीर 
इस अवसर पर डीएम ने जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार एवं प्रशासन जनता की शिकायतों एवं समस्याओं के निस्तारण के प्रति गंभीर है। उन्होंने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि विभागों से संबंधित जनता की शिकायतें तहसील सम्पूर्ण समाधान दिवस में दर्ज कराई जा रही हैं। साथ ही शिकायतों का जल्द से जल्द समाधान भी कराया जा रहा है। जिससे शिकायतों को संबंधित पोर्टल पर आनलाइन किया जा सके। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी जर्नादन सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. सुनील शर्मा, उपजिलाधिकारी दादरी चारुल यादव, प्रभागीय वनाधिकारी प्रमोद कुमार श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे।

अन्य खबरें