नोएडा पुलिस का नन्हे परिंदे अभियान : एसीपी प्रवीण कुमार ने 35 बच्चों को दिए ओबीई उत्तीर्ण प्रमाण पत्र

नोएडा | 4 घंटा पहले | Sachin Ahlawat

ट्राई सिटी | कार्यक्रम में भाग लेते अधिकारी और बच्चें



Noida News : पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे नन्हे परिंदे अभियान के अंतर्गत स्लम क्षेत्र के बच्चों को शिक्षा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। सोमवार को थाना सेक्टर 39 पर एसीपी-1 नोएडा प्रवीण कुमार सिंह ने इस अभियान के तहत ओपन बुक एग्जामिनेशन (OBE) परीक्षा में सफल बच्चों का जश्न मनाया। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों को शिक्षा और शिक्षकों की भूमिका के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने अनुशासन और मेहनत के प्रति प्रेरित करते हुए कहा कि ये गुण जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं।

35 बच्चों को दिए गए ओबीई उत्तीर्ण प्रमाण पत्र
टीम नन्हे परिंदे ने इस अवसर पर बच्चों को जलपान कराया और एसीपी प्रवीण कुमार ने 35 बच्चों को ओबीई उत्तीर्ण प्रमाण पत्र और पानी की बोतलें उपहार में दीं। उन्होंने चेतना एनजीओ के प्रयासों की सराहना करते हुए एचसीएल फाउंडेशन और गौतमबुद्धनगर पुलिस के समर्थन का भी जिक्र किया। इस साल सत्र 2024-2025 में लगभग 198 बच्चों का स्कूलों में एडमिशन कराया गया है। वर्तमान में यह टीम करीब 2005 बच्चों को विभिन्न शिक्षण संस्थानों में शिक्षा प्रदान कर रही है।

क्या है नन्हे परिंदे अभियान
नन्हे परिंदे अभियान एचसीएल फाउंडेशन और गौतमबुद्धनगर पुलिस की संयुक्त पहल है। जिसका उद्देश्य स्लम क्षेत्र के बच्चों को शिक्षा और पोषण प्रदान करना है। यह प्रयास बच्चों की प्रतिभा और कौशल को विकसित करने के लिए है, ताकि वे जिम्मेदार नागरिक बन सकें और राष्ट्र की बेहतरी में योगदान दे सकें। एसीपी प्रवीण कुमार के मार्गदर्शन में बच्चों को पुलिस स्टेशन के कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई। जिसने उन्हें अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए अनुशासन और जिम्मेदारी की अहमियत समझने में मदद की। 

अन्य खबरें