आकर्षक फाउंटेन बढ़ाएंगे नोएडा की खूबसूरती : यूपी गेट से लेकर पर्थला गोलचक्कर तक होगा गुलजार, जानिए क्या रहेगी खासियत

नोएडा | 9 दिन पहले | Nitin Parashar

Tricity Today | फाउंटेन



Noida News : नोएडा प्राधिकरण शहर को खूबसूरत बनाने की योजना पर अथॉरिटी काम कर रहा है। इसे लेकर पर्थला गोलचक्कर पर डायमंड आकार का फव्वारा बनाया जा रहा है, जो इस महीने के अंत तक पूरा हो जाएगा। इसके अलावा सेक्टर-14ए प्रवेश द्वार के पास भी एक अनोखा फव्वारा स्थापित किया जाएगा। पहले फेज में अथॉरिटी की तरफ से कुल पांच जगह पर फाउंटेन बनाए जाएंगे। यह फाउंटेन रंग-बिरंगे और नए तरीके के होंगे, जो पहली बार नोएडा में लगाए जाएंगे।

फव्वारों के लिए टेंडर जारी
नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि शहर के सौंदर्य को बढ़ाने के लिए पिछले साल फव्वारे बनाने की योजना बनाई गई थी। लोकसभा चुनाव की आचार संहिता लगने से पहले ही पर्थला गोलचक्कर और नोएडा प्रवेश द्वार पर फव्वारों के लिए टेंडर जारी कर दिए गए थे। पर्थला गोलचक्कर पर सिग्नेचर ब्रिज के नीचे एक विशिष्ट डायमंड आकृति वाला फव्वारा निर्मित किया जा रहा है। इसमें केंद्र में एक बड़ी डायमंड आकृति होगी, जिसके किनारों से रंगीन फुहारें निकलेंगी। यह फव्वारा अगले 15-20 दिनों में पूरा हो जाएगा। इससे नोएडा से ग्रेनो वेस्ट की ओर जाने वाले लोग इस आकर्षक फव्वारे का आनंद ले सकेंगे।

फव्वारे का डिजाइन होगा अलग
अधिकारियों ने बताया कि नोएडा प्रवेश द्वार के पास सेक्टर-14ए में भी एक फव्वारा स्थापित किया जाएगा। इसके लिए पिछले साल जारी किए गए टेंडर में कंपनी का चयन नहीं हो सका था। अब एक सप्ताह-दस दिन में नया टेंडर जारी किया जाएगा। सेक्टर-14ए के फव्वारे का डिजाइन थोड़ा अलग होगा। इन प्रयासों से शहर की सुंदरता में निश्चित रूप से बढ़ोतरी होगी। फव्वारों की रोशनी और आकर्षक डिजाइन शहर के नजारे को और भी सुंदर बनाएंगे।

एक फव्वारे के निर्माण में 1 करोड़ की लागत
उन्होंने बताया कि फव्वारों के निर्माण के लिए सेक्टर-38 स्थित शशि गोलचक्कर पर भी टेंडर प्रक्रिया चल रही है। यहां लगने वाले फव्वारे को त्रिकोणीय आकृति और लेजर बीम थीम पर डिजाइन किया जाएगा। इसमें फुहारें ऊपर से नीचे की ओर गिरेंगी, जो लेजर बीम की तरह दिखेगा। एक फव्वारे के निर्माण में लगभग 80 लाख से एक करोड़ रुपये तक की लागत आ सकती है। यह लागत स्थान और डिजाइन के आधार पर तय की जाएगी।

अन्य खबरें