BIG BREAKING : 122 लोगों की मौत के जिम्मेदार बाबा का नोएडा में भी आश्रम, पुलिस तलाश के लिए पहुंची

नोएडा | 3 दिन पहले | Junaid Akhtar

Tricity Today | नोएडा के नयागांव में हाथरस वाले बाबा का आश्रम



Noida News : हाथरस में 122 लोगों की मौत से पूरा देश और उत्तर प्रदेश दहला हुआ है। सत्संग के बाद भगदड़ की वजह से हुए दर्दनाक हादसे का सबसे बड़ा जिम्मेदार नारायण साकार उर्फ भोले बाबा घटना के बाद से फरार चल रहा है। पुलिस घटना के बाद से ही अलग जगहों पर छापे मारकर बाबा की तलाश कर रही है। इस बीच पता चला है कि बाबा का नोएडा में भी एक आश्रम है। नोएडा के नयागांव स्थित डूब क्षेत्र में बाबा का आलीशान आश्रम बना हुआ है। इस आश्रम में फिलहाल कुछ लोग रह रहे हैं। पुलिस यहां भी तलाश के लिए पहुंची। हालांकि उन्हें कुछ खास हाथ नहीं लग सका। 

2022 में हुए थे कई कार्यक्रम 
बताया जा रहा है कि घटना के बाद बाबा के नोएडा के आश्रम का पता चलने पर नोएडा पुलिस वहां पहुंची। बताया जा रहा है कि वहां रह रहे कुछ लोग खुद को बाबा का सेवादार बता रहे हैं। उनका कहना है कि यह हादसा है। कहा जा रहा है कि 2022 में इस आश्रम में कई कार्यक्रम हुए थे। पिछले करीब एक साल से यहां कोई कार्यक्रम नहीं हुआ है। यह आश्रम कब बना है इसकी अभी कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। बताया जा रहा है कि बाबा के बाहर से आने वाले सेवादार यहां रूकते हैं। 

सेवादार ने बताई घटना 
आश्रम में मौजूद हिमांशु ने बताया कि हम लोग भी हाथरस में समागम में शामिल होने गए थे। बाबा 12:00 बजे आए और 1:30 बजे चले गए। उनके जाने के बाद जब संगत बाहर निकली तो उनके साथ काफी भीड़ थी। पुलिस की संख्या बहुत कम थी, उनके जाने के बाद यह घटना हुई। हिमांशु ने दावा किया कि ऐसा कहा जा रहा है कि लोग प्रभु की धूल लेने गए थे, ऐसा कुछ नहीं हुआ। वह किसी से मिलते नहीं, वह सिर्फ मंच से संबोधन करते हैं। उनके ठहरने की तारीखें समिति के सदस्यों ने तय की हैं। 

14 जुलाई 2022 नोएडा आया था बाबा 
नोएडा में उनके ठहरने की तारीखें भी समिति के सदस्यों ने तय की हैं, लेकिन वह नोएडा आने से इनकार करते हैं। अब तक वह सिर्फ एक बार यहां आए हैं। नोएडा आश्रम में मौजूद हिमांशु ने कहा कि इस आश्रम को बने करीब 2 साल हो गए हैं। गुरुजी 14 जुलाई को आए थे, उसके बाद वह कभी नहीं आए।

अन्य खबरें