नोएडा में तेज धमाके के साथ संविदा कर्मी की मौत : चार बच्चे हुए अनाथ, साथी कर्मियों का एजेंसी पर फूटा गुस्सा

नोएडा | 11 दिन पहले | Junaid Akhtar

Google Image | symbolic image



Noida News : थाना सेक्टर 49 क्षेत्र के हिंडन विहार में बिजली लाइन का फॉल्ट ठीक करने के दौरान हुए तेज धमाके में संविदा कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई। साथी कर्मचारियों ने उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मृतक के साथी कर्मियों का काम कराने वाली एजेंसी के खिलाफ गुस्सा फूट पड़ा। कर्मियों ने एजेंसी पर लापरवाही का आरोप लगाया है। 

फॉल्ट ठीक करने पहुंचे थे हिंडन विहार 
मूल रूप से हमीरपुर निवासी संविदा कर्मी संतोष कुमार नोएडा के बरौला गांव में चार बच्चे आर पत्नी के साथ रहते थे। बुधवार को संविदा कर्मचारी संतोष कुमार, विनीत कुमार और तालिब खान सेक्टर-47 विद्युत उपकेंद्र की सप्लाई लाइन में आई खराबी को ठीक करने के लिए हिंडन विहार गए थे। तीनों 11 हजार केवी लाइन का फ्यूज निकालकर एलटी लाइन का फाल्ट ठीक कर रहे थे। बिजली निगम के कार्यपालक अभियंता निशांत नवीन ने बताया कि विनीत और तालिब एलटी लाइन पर काम कर रहे थे। इसी दौरान संतोष कुमार ट्रांसफार्मर को साफ करने के लिए उसके पास पहुंचा। करंट लगते ही संतोष बेहोश हो गया। तेज धमाके जैसी आवाज सुनकर अन्य कर्मचारी भी मौके पर आ गए। संतोष को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

एजेंसी के खिलाफ आक्रोश 
संतोष की मौत के बाद संविदा कर्मियों ने एजेंसी ग्लोबल टच कंपनी के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया है। कर्मियों ने बताया कि हादसे के बाद भी एजेंसी का कोई अधिकारी या प्रतिनिधि मौके पर नहीं आया। कर्मचारियों ने कंपनी पर ठेका कर्मचारियों का शोषण करने का आरोप लगाया है। 

7.5 लाख रुपये का मुआवजा दिया 
हादसे के बाद बरौला निवासी संतोष की पत्नी और चार बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं इस संबंध में अधिशाषी अभियंता पंचम निशांत नवीन ने बताया कि ट्रांसफार्मर के पास करंट की मौजूदगी की जांच की जा रही है। संतोष के परिवार को तत्काल 7.5 लाख रुपये का मुआवजा दिया गया है।

अन्य खबरें