हंगरी से नोएडा तक गूंजी जीत की खुशियां : वंतिका के घर लगा बधाइयों का तांता, सांसद डॉ. महेश शर्मा बोले- गर्व की बात 

नोएडा | 3 घंटा पहले | Nitin Parashar

Tricity Today | सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा ने वंतिका अग्रवाल को बधाई दी।



Noida News : भारत ने युवा खिलाड़ियों के दम पर शतरंज ओलंपियाड में वह कारनामा कर दिखाया जो आज तक कोई नहीं कर सका। भारत की महिला और पुरुष टीमों ने हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। नोएडा की बेटी वंतिका अग्रवाल ने महिला टीम को स्वर्ण जिताने में मदद की, वहीं खुद गोल्ड पर कब्जा जमाया। जब वंतिका सोने का तमगा लेकर नोएडा लौटीं, तो उनके घर पर बधाइयों का तांता लग गया। सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा भी वंतिका से मिलने पहुंचे।

नोएडा का नाम रोशन किया : सांसद 
सांसद डॉ. महेश शर्मा ने वंतिका को फूलों का गुलदस्ता देकर बधाई दी। साथ ही उनके माता-पिता और दादा-दादी को भी इस खास मौके पर शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर सांसद डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि देश के शतरंज खिलाड़ियों ने एक बार फिर दुनिया में नोएडा का नाम रोशन किया है। इस शानदार जीत में नोएडा की बेटी वंतिका अग्रवाल का भी बड़ा योगदान रहा, जो शहर के लिए गर्व की बात है।

कौन है वंतिका अग्रवाल
वंतिका अग्रवाल एक युवा और प्रतिभाशाली भारतीय शतरंज खिलाड़ी हैं। वे उत्तर प्रदेश के नोएडा शहर के सेक्टर-27 की रहने वाली हैं। हाल ही में, उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन किया है। वंतिका ने हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट में आयोजित फिडे शतरंज ओलंपियाड के 45वें संस्करण में भाग लिया। इस प्रतियोगिता में उन्होंने भारतीय महिला टीम के सदस्य के रूप में हिस्सा लिया। उनकी टीम ने इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता, जो कि एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। शतरंज खेलने का शौक वंतिका के परिवार में है। उनका छोटा भाई भी एक अच्छा शतरंज खिलाड़ी बताया जाता है।

अन्य खबरें