Noida Breaking: पल्सर सवार बदमाशों ने सरेराह मेट्रो स्टेशन के पास व्यक्ति को गोली मारी, पुलिस ने बड़ी जानकारी दी

नोएडा | 3 साल पहले | Rakesh Tyagi

Tricity Today | नोएडा के एडीसीपी रणविजय सिंह



नोएडा के सेक्टर-49 थाना क्षेत्र के सेक्टर-50 मेट्रो स्टेशन के पास बुधवार की सुबह पल्सर बाइक पर सवार दो बदमाशों ने काम पर जा रहे एक व्यक्ति को गोली मार दी। इसके बाद दोनों बदमाश तेज रफ्तार से बाइक लेकर फरार हो गए। गोली व्यक्ति के कमर से ऊपर, पीठ में लगी है। सूचना मिलते ही सेक्टर-49 थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। जख्मी व्यक्ति को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनका इलाज चल रहा है। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। 

नोएडा के एडीसीपी रणविजय सिंह ने पूरे घटनाक्रम के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शहर के होशियारपुर गांव में रहने वाले कृष्ण कुमार माली का काम करते हैं। आज सुबह वह काम के सिलसिले में सेक्टर-50 मेट्रो स्टेशन पहुंचे थे। तभी पल्सर पर सवार दो बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। इसके बाद बदमाश फरार हो गए। हालांकि उनका निशाना चूक गया और गोली उनकी कमर से ऊपर पीठ में लगी। इसकी सूचना सेक्टर-49 थाना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल कृष्ण कुमार को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। जहां उनका इलाज चल रहा है। 

डॉक्टरों के मुताबिक उनकी हालत बेहतर और स्थिर है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। प्रथमदृष्टया मामला आपसी रंजिश का लग रहा है। बदमाशों की धरपकड़ के लिए आसपास लगी सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही हैं। जल्द ही उनकी पहचान कर ली जाएगी। जख्मी कृष्ण कुमार की हालत बेहतर होने पर उनसे पूछताछ कर आरोपियों तक पहुंचा जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

अन्य खबरें