पेड़ से बांधकर ग्रामीण की पिटाई, ग्राम प्रधान गिरफ्तार, तीन पुलिसकर्मी लाइन हाजिर

पेड़ से बांधकर ग्रामीण की पिटाई, ग्राम प्रधान गिरफ्तार, तीन पुलिसकर्मी लाइन हाजिर

पेड़ से बांधकर ग्रामीण की पिटाई, ग्राम प्रधान गिरफ्तार, तीन पुलिसकर्मी लाइन हाजिर

Google Image | प्रतीकात्मक फोटो

बहराइच : पिपरिया ग्राम प्रधान द्वारा ग्रामीण को पेड़ से बांधकर पिटाई का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने प्रधान सहित चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। साथ ही आरोपी ग्राम प्रधान को गिरफ्तार कर लिया है। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अशोक कुमार ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस अधीक्षक ने इस मामले में एक चौकी इंचार्ज सहित तीन पुलिस कर्मियों को लाइन हाजिर किया है।

अशोक कुमार ने बताया कि जिले के खैरीघाट थाने की वैवाही चौकी अंतर्गत पिपरिया गांव निवासी भुलई ने आरोप लगाया है कि उसने गांव के प्रधान गिरधारी लाल को प्रधानमंत्री आवास दिलाने के नाम पर 10 हजार रूपये दिए थे। बीती एक सितंबर को आवास की जानकारी करने भुलई गांव के प्रधान गिरधारी के घर गया। उन्होंने बताया कि भुलई ने आरोप लगाया कि आवास न मिलने की बात कहे जाने पर जब उसने प्रधान से पैसे वापस मांगे तो प्रधान ने अपने लोगों के साथ मिलकर पेड़ से बांधकर उसकी पिटाई की। 

आरोप है कि वैवाही चौकी के दो सिपाही भी घटनास्थल पर मौजूद थे जिन्होंने दबाव बनाकर दोनों के बीच सुलह करवा दी। एएसपी ने बताया कि पेड़ से बांधकर ग्रामीण की पिटाई का वीडियो बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया जिसके बाद पुलिस अधीक्षक विपिन मिश्र ने ग्राम प्रधान सहित सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिये हैं। एसपी द्वारा चौकी इंचार्ज विजय सेन यादव सहित तीन पुलिस कर्मियों को लाइन हाजिर किया गया है। उप पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी को घटना की जांच सौंपी गई है।

एएसपी अशोक कुमार ने बताया कि ग्राम प्रधान गिरधारी लाल सहित चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर ग्राम प्रधान को गिरफ्तार किया गया है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.