यात्रीगण ध्यान दें : इन स्टेशन पर सुबह देर से चलेगी Delhi Metro, जानिए कारण

Tricity Today | Delhi Metro



New Delhi : दिल्ली मेट्रो रेल कारपोरेशन डीएमआरसी की येलो लाइन (समयपुर बादली से मिलेनियम सिटी सेंटर गुरुग्राम) पर यात्रा करने वाले लोगों के लिए यह जरूरी खबर है। रविवार को विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन पर रेगुलर मेंटीनेंस कार्य करने के चलते सुबह मेट्रो देर से संचालित होगी। सुबह के नियमित समय से करीब पौने घंटे की देरी से सुबह की पहली मेट्रो का संचालन शुरू किया जाएगा। 

विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन से देर से चलेगी मेट्रो 
रविवार, 6 अक्टूबर को विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन से मिलेनियम सिटी सेंटर गुरुग्राम के लिए चलने वाली सुबह की पहली ट्रेन सेवा सुबह 6 बजे के बजाय सुबह 6.45 बजे चलेगी। वहीं, कश्मीरी गेट से समयपुर बादली के लिए सुबह 6 बजे के बजाय सुबह 6:52 बजे पहली मेट्रो का संचालन होगा। विश्वविद्यालय से कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन और इसके विपरीत के बीच कोई ट्रेन सेवा उपलब्ध नहीं होगी। दो स्टेशन यानी विधानसभा और सिविल लाइंस ट्रेन सेवाओं के फिर से शुरू होने यानी सुबह 6:40 बजे तक बंद रहेंगे। 

10 मिनट के अंतराल पर मिलेगी मेट्रो 
हालांकि, मिलेनियम सिटी सेंटर गुरुग्राम से कश्मीरी गेट और समयपुर बादली से विश्वविद्यालय स्टेशनों तक येलो लाइन के शेष ट्रेक पर सामान्य ट्रेन सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। मेंटीनेंस का कार्य होने के दौरान ट्रेन सेवाएं 10 मिनट के अंतराल पर उपलब्ध रहेंगी और उसके बाद, शेष दिन के लिए नियमित रविवार की समय सारिणी का पालन किया जाएगा। 6 अक्टूबर को सुबह के समय यात्रियों को किसी भी असुविधा से बचने के लिए, इस मेंटीनेंस अवधि के दौरान ट्रेनों के गंतव्य और परिवर्तन के लिए संबंधित प्लेटफार्मों के बारे में येलो लाइन पर स्टेशनों और ट्रेनों के अंदर भी घोषणाएं की जाएगी।

अन्य खबरें