योगी सरकार के मंत्री असीम अरुण दिल्ली में बोले- 'सर्व समाज' की अवधारणा पर काम करती है भाजपा, उठाई तीन तलाक वाली बात

Tricity Today | असीम अरुण



New Delhi : दिल्ली में गुरुवार को एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यूपी सरकार के मंत्री और कन्नौज से विधायक असीम अरुण ने मोदी और योगी की नीतियों को जन तक पहुंचाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि भाजपा बाबा साहब भीमराव आंबेडकर द्वारा बनाए गए संविधान के अनुरूप 'सबका साथ, सबका विकास' की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि न तो कोई संविधान को बदल सकता है और न ही इसे समाप्त कर सकता है। संविधान में केवल सुधार के उद्देश्य से ही संशोधन किया जा सकता है।

तीन तलाक, राम मंदिर और धारा 370 पर चर्चा
इस दौरान असीम अरुण ने कहा, "लोग कहते थे कि 'तारीख नहीं बताएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे', लेकिन कोर्ट के आदेश से बिना किसी कर्फ्यू या झगड़े के मंदिर बन गया। उन्होंने लोगों को जानकारी देते हुए बताया, "भाजपा सरकार ने तीन तलाक, राम मंदिर निर्माण और धारा 370 हटाने जैसे बड़े मुद्दों को शांतिपूर्ण तरीके से हल किया।"

आरक्षण के समर्थन में भाजपा
मंत्री असीम अरुण ने स्पष्ट किया कि भाजपा सरकार आरक्षण के खिलाफ नहीं है। उन्होंने कहा कि 'सबका साथ, सबका विकास' के मूल सिद्धांत की प्राप्ति के लिए और हर जरूरतमंद नागरिक को समानता का अधिकार देने के लिए भाजपा आरक्षण का समर्थन करती है। असीम अरुण ने भाजपा की नीतियों और उपलब्धियों का बचाव किया और दावा किया कि पार्टी 'सर्व समाज' की अवधारणा पर काम कर रही है।

अन्य खबरें