गाजियाबाद में स्वास्थ्य सेवाएं हो सकती हैं प्रभावित : चुनाव ड्यूटी के कारण सरकारी अस्पतालों में मरीज रहेंगे परेशान, स्टॉफ की कमी जुझ रहा डिपार्टमेंट 

गाजियाबाद | 7 महीना पहले | Junaid Akhtar

Tricity Today | प्रतीकात्मक फोटो



Ghaziabad News : गाजियाबाद में लोकसभा चुनाव में इलेक्शन ड्यूटी के कारण तीनों सरकारी अस्पतालों की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। दरअसल, गाजियाबाद लोकसभा सीट पर दूसरे चरण में मतदान होना है। इसे लेकर चुनाव ड्यूटी में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी भी तैनात किए जाएंगे। बुधवार से स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशिक्षण देने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। बताया जा रहा कि तीनों अस्पतालों में पैरामेडिकल स्टाफ की कमी के कारण टीकाकरण और वार्ड में भर्ती मरीजों की खासी परेशानी हो सकती है।  
    
स्वास्थ्य डिपार्टमेंट के 85 कर्मचारियों की लगेगी ड्यूटी 
सभी सरकारी विभागों के कर्मचारियों की ड्यूटी लगायी गयी है। स्वास्थ्य विभाग से बड़ी संख्या में फार्मासिस्ट, नर्सिंग स्टाफ और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को भी ड्यूटी पर लगाया गया है। एमएमजी अस्पताल से 40, महिला अस्पताल से 27 और संयुक्त अस्पताल से 18 स्वास्थ्य कर्मी चुनाव ड्यूटी पर हैं। इसकी सूची मंगलवार को तीनों अस्पतालों में पहुंच गई। इन कर्मचारियों को तीन और चार अप्रैल को प्रशिक्षण के लिए आईटीएस कॉलेज, मोहननगर जाना है। दोनों दिन कर्मचारियों के प्रशिक्षण पर जाने से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। इससे अस्पताल में टीकाकरण और वार्ड में मरीजों को दी जाने वाली सेवाएं प्रभावित होने की आशंका है। 

वीआईपी मूवमेंट ने बिगाड़ा निजाम 
चुनाव को लेकर जिले में वीआईपी मूवमेंट बढ़ गया है। इसके चलते हर दिन डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ वीवीआईपी ड्यूटी पर रहते हैं। बुधवार को भी केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और अन्य मंत्रियों के आगमन के कारण डॉक्टर एंबुलेंस के साथ ड्यूटी पर रहेंगे। इससे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। सीएमओ डॉ. भवतोष शंखधर का कहना है कि चुनाव के समय किसी व्यक्ति विशेष की ड्यूटी नहीं लगाई जाती, बल्कि जेड प्लस सुरक्षा प्राप्त लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराई जाती हैं।

अन्य खबरें